भरतपुर

Bharatpur : आरएएस-2024 रिजल्ट में विजय सिंह जाट ने हासिल की 14वीं रैंक, फिर भी घर में छाया रहा मातम जैसा सन्नाटा

RAS-2024 Result : राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से घोषित आरएएस-2024 रिजल्ट में छौकरवाड़ा कलां के विजय सिंह जाट ने 14वीं रैंक हासिल की है। पर इस सफलता के बाद भी विजय के घर में मातम का सन्नाटा है। जानिए आखिर क्या बात है?

2 min read
Bharatpur Success Story Vijay Singh Jat secured 14th rank in RAS-2024 result Hearing this success a mournful silence descended on house
भरतपुर के छौकरवाड़ा कलां में परिजनों के साथ विजय सिंह जाट। फोटो पत्रिका

RAS-2024 Result : राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से घोषित आरएएस-2024 के परिणामों में भरतपुर के छौकरवाड़ा कलां के विजय सिंह जाट ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई इबारत लिखी है। विजय सिंह ने ओबीसी एक्स-सर्विसमैन कोटे में प्रदेशभर में 14वीं रैंक हासिल की है। हालांकि, इस बड़ी जीत के बीच विजय के घर में मातम का सन्नाटा भी है, क्योंकि जिस सफलता का इंतजार उनके पिता को था, उसे देखने के लिए वे इस दुनिया में नहीं रहे।

एक तरफ इंटरव्यू, दूसरी तरफ पिता की बीमारी

विजय सिंह के लिए यह सफलता कांटों भरी राह जैसी रही। उनके पिता महाराज सिंह, लंबे समय से लंग्स कैंसर से जूझ रहे थे। सितंबर 2025 को पिता का इलाज जयपुर में शुरू हुआ। विजय एक तरफ पिता की सेवा कर रहे थे, तो दूसरी तरफ इंटरव्यू की तैयारी। विजय सिंह और बड़े भाई ने अभी तक शादी नहीं की है। 1 अप्रेल 2026 को विजय सिंह का आरएएस इंटरव्यू हुआ और 11 अप्रेल 2026 को इंटरव्यू के ठीक 10 दिन बाद इलाज के दौरान पिता का निधन हो गया। आज: जब परिणाम आया, तो विजय ने सफलता तो हासिल की, लेकिन उनके मार्गदर्शक पिता यह खुशखबरी सुनने के लिए मौजूद नहीं थे।

लेकिन विजय सिंह ने हार नहीं मानी

2023 में पहले प्रयास में मेन्स क्लियर नहीं हो पाया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरे प्रयास में 14वीं रैंक हासिल कर अपना सपना पूरा किया। विजय सिंह ने बताया कि पिताजी चाहते थे कि मैं आस-पास ही नौकरी करू जिससे परिवार का ध्यान रखा जा सके। इंटरव्यू के दौरान भी उनके स्वास्थ्य की चिंता मन में थी, लेकिन मैंने खुद को एकाग्र रखा।

RAS-2024 रिजल्ट : मेरिट लिस्ट में आए कुल 2391 अभ्यर्थी

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने RAS परीक्षा-2024 का रिजल्ट आज जारी कर दिया है। इस रिजल्ट में कुल 2391 अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त हुआ। RAS-2024 रिजल्ट में बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने टॉप किया है। लास्ट परीक्षा में दिनेश विश्नोई ने 57वीं रैंक हासिल की थी। फिलहाल आरपीएस की ट्रेनिंग कर रहे हैं।

RAS-2024 रिजल्ट में जैसलमेर के वीरेंद्र चारण ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनके पिता राजस्थान पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल की पोस्ट पर नौकरी करते हैं। वीरेंद्र चारण वर्तमान में तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। वीरेंद्र चारण को मुख्य परीक्षा में 293 अंक, साक्षात्कार में 58 अंक प्राप्त हुए। इनका कुल फाइनल नम्बर 351 अंक हुआ। जिसके आधार पर वीरेंद्र चारण को RAS परीक्षा-2024 का रिजल्ट में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।

8 अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी नहीं

इसके साथ ही राजस्थान लोक सेवा आयोग RAS-2024 में आठ अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी नहीं किया है। इसमें 5 अभ्यर्थियों के रिजल्ट सील्ड कवर में रखे गए हैं, जबकि 3 अभ्यर्थियों के रोक दिए गए हैं। इस संदर्भ में आयोग ने बताया कि कोर्ट में लंबित याचिका विचाराधीन होने के कारण 5 अभ्यर्थियों का परिणाम सील्ड कवर में रखा गया है।

Updated on:
19 Apr 2026 12:29 pm
Published on:
19 Apr 2026 10:47 am