राजस्थान सरकार ने डीग जिले के कस्बा नगर का नाम बदलकर बृज नगर करने की अधिसूचना जारी कर दी है।
भरतपुर। राजस्थान सरकार ने डीग जिले के कस्बा नगर का नाम बदलकर बृज नगर करने की अधिसूचना जारी कर दी है। यह कदम केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चल रही मांग व उम्मीदों को पूरा करने वाला है। हालांकि यह पहल गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के प्रयासों से साकार हो सकी है।
क्षेत्रवासियों की यह लंबे समय से मांग थी कि नगर का नाम भी रेलवे स्टेशन की तरह बृज नगर रखा जाए। रेलवे स्टेशन का नाम पहले ही बृज नगर था, लेकिन नगर का नाम कस्बा नगर होने के कारण इसकी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान पूरी तरह से व्यक्त नहीं हो पाती थी।
राज्यमंत्री बेढ़म ने राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक इस मुद्दे पर लगातार प्रभावी पैरवी की। इसके बाद सभी संस्थाओं के स्वीकृति प्रस्ताव लेकर प्रस्ताव बनवाया गया। उसे राज्य सरकार से स्वीकृत कराया गया। नतीजा यह हुआ कि केंद्र सरकार से पहले अनापत्ति प्राप्त हुई और अब राज्य सरकार के राजस्व विभाग ने विधिवत रूप से नाम परिवर्तन की अधिसूचना जारी कर दी।
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का नाम उसकी पहचान, गौरव और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक होता है। बृज नगर नाम ना केवल इस क्षेत्र की पौराणिक महत्ता और धार्मिक महत्व को पुनर्स्थापित करेगा, बल्कि इसे पर्यटन और सांस्कृतिक मानचित्र पर भी एक नई पहचान दिलाएगा। विकास तभी सार्थक होता है, जब वह अपनी सांस्कृतिक जड़ों और विरासत के साथ जुड़ा हो।