29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Bharatpur / Bharatpur : खनन माफिया गिरोह ने वन कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, रेंजर व वनकर्मी घायल

Bharatpur : खनन माफिया गिरोह ने वन कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, रेंजर व वनकर्मी घायल

Bharatpur : भरतपुर/रुदावल. जिले के बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफिया और उनके साथियों ने हमला कर दिया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भरतपुर

•

image

Sanjay Kumar Srivastava

•

Updated: 29 Nov 2026, 7:11 PM IST

bharatpur rudawal mining mafia gang chased down beat forest personnel

Bharatpur : रुदावल. प्रतीकात्मक फोटो एआई से बनाया गया।

Bharatpur : भरतपुर/रुदावल. जिले के बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफिया और उनके साथियों ने हमला कर दिया। अवैध खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-कंप्रेशर जब्त करने से नाराज आरोपियों ने वनकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से मारपीट की। हमले में रेंजर सहित वनकर्मियों के चोटें आई है। इतना ही नहीं, घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे वनकर्मियों के मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर मोबाइल रीसेट कर दिए। घटना को लेकर रेंजर ने रुदावल थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। बताते हैं कि खननमाफिया गिरोह ने वन विभाग की टीम को भगा-भगाकर पीटा है।

एसएचओ नरेश शर्मा ने बताया कि बयाना रेंजर पवन सिंह बिधूड़ी ने रिपोर्ट में बताया कि शनिवार वह वनपाल सुरेंद्र कुमार, वनरक्षक पुखराज, नेतराम और रवि कुमार के साथ सरकारी वाहन से बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में गश्त के लिए निकले थे। टीम सूखाशीला वनखंड से होते हुए बंशी पहाड़पुर बी वनखंड पहुंची। जहां अवैध खनन की पिट और ताजा खनन के निशान मिले। इसी दौरान एक ट्रैक्टर मय कंप्रेशर मौके से भागता दिखाई दिया। टीम ने पीछा किया तो चालक ट्रैक्टर-कंप्रेशर को पप्पू चुरारी के खनन पिट में खड़ा कर फरार हो गया। टीम ने ट्रैक्टर की जांच की तो उस पर नंबर प्लेट नहीं थी तथा चेसिस और इंजन नंबर की पट्टियां भी घिसी हुई थीं।

टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर सरकारी कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की तो रामअवतार मौके पर पहुंच गया। उसने टीम को धमकाते हुए फोन कर अन्य लोगों को बुलाया और उन्हें लाठी-डंडे लेकर आने को कहा। कुछ देर बाद गांव खोहरी निवासी हेमसिंह, गांव रिछौहा निवासी देवेंद्र, चेतनिया नगला निवासी लवकुश, खोहरी निवासी ऋषि, हरेन्द्र सहित करीब 15-20 लोग लाठी-डंडे और सरिए लेकर मौके पर पहुंच गए।

रास्ता रोककर वनकर्मियों से मारपीट, वीडियो डिलीट किए

आरोपियों ने मौके पर पहुंचते ही लोगों ने वनकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और खनन स्थल पर मौजूद साधनों को भगाने लगे। टीम ने विरोध किया तो हेमसिंह ने सरकारी वाहन का रास्ता रोक दिया। इसके बाद हेमसिंह और देवेंद्र ने वनरक्षक नेतराम को पकड़कर लाठी-डंडों और सरियों से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे रेंजर पवन सिंह और वनपाल सुरेंद्र कुमार के साथ भी मारपीट की गई। वहीं ऋषि और हरेन्द्र ने वनरक्षक पुखराज के साथ मारपीट की।

वन विभाग की टीम द्वारा पूरी घटना की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही थी। इस दौरान देवेंद्र और अन्य लोगों ने वनकर्मियों से मोबाइल छीन लिए तथा रिकॉर्ड किए गए वीडियो डिलीट कर मोबाइल रीसेट कर दिए।

बार-बार हो रहे वन विभाग की टीम पर हमले

26 सितंबर 2026 को इस एरिया में वन विभाग की टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में गढ़ीबाजना के कोट नाके के फॉरेस्टर भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इससे पहले भी इस वर्ष 2 और बार हमले हो चुके हैं। इससे पूर्व 18 दिसंबर 2025 को बयाना के बंध बारैठा वन्य जीव अभ्यारण्य क्षेत्र में वन विभाग और बॉर्डर सिक्योरिटी होमगार्ड की संयुक्त टीम पर हमला हुआ था।