28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Bharatpur / बयाना पंचायत समिति में भाजपा का परचम, पांच सदस्यों के दम पर साधा सत्ता का समीकरण

बयाना पंचायत समिति में भाजपा का परचम, पांच सदस्यों के दम पर साधा सत्ता का समीकरण

बयाना. पंचायत समिति बयाना के प्रधान पद के निर्वाचन में शुक्रवार को भाजपा ने सियासी समीकरण साधते हुए सत्ता पर कब्जा जमा लिया। वार्ड संख्या 12 से निर्दलीय पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए यादराम गुर्जर…
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भरतपुर

•

image

Newsdesk

•

Updated: 28 Nov 2026, 5:26 PM IST

बयाना पंचायत समिति में भाजपा का परचम, पांच सदस्यों के दम पर साधा सत्ता का समीकरण

बयाना. पंचायत समिति बयाना के प्रधान पद के निर्वाचन में शुक्रवार को भाजपा ने सियासी समीकरण साधते हुए सत्ता पर कब्जा जमा लिया। वार्ड संख्या 12 से निर्दलीय पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए यादराम गुर्जर भाजपा के सिंबल पर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए। महज पांच सदस्यों वाली भाजपा ने राजनीतिक प्रबंधन के जरिए प्रधान की कुर्सी हासिल कर ली, जबकि 12 सदस्यों वाली कांग्रेस अपना प्रत्याशी तक मैदान में नहीं उतार सकी।

यादराम गुर्जर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित कांग्रेस विचारधारा के माने जाने वाले निर्दलीय यादराम ने भाजपा के सिंबल पर हासिल की प्रधान की कुर्सी, 12 सदस्यों वाली कांग्रेस नहीं उतार सकी प्रत्याशी

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत शुक्रवार सुबह 10 बजे पंचायत समिति सभागार में नवनिर्वाचित सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। यादराम गुर्जर ने भाजपा के सिंबल पर नामांकन दाखिल किया। सुबह 11 बजे निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक अन्य कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। संवीक्षा में नामांकन वैध पाए जाने के बाद यादराम को निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

निर्वाचन की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने यादराम को फूलमालाओं से लाद दिया। इसके बाद नवनिर्वाचित प्रधान अपने काफिले के साथ कांग्रेस के टिकट पर प्रधान रह चुके महेंद्र तिवारी के होटल अंगद पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।

पंचायत समिति के कुल 33 सदस्यों में भाजपा के 5, कांग्रेस के 12 और निर्दलीय 16 सदस्य हैं। बहुमत के लिए 17 सदस्यों का आंकड़ा जरूरी था। वर्ष 2020 में भी निर्दलीयों की भूमिका निर्णायक रही थी। तब भाजपा के टिकट पर सदस्य निर्वाचित हुए मुकेश कोली निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रधान बने थे। इस बार निर्दलीय सदस्य यादराम भाजपा के सिंबल पर प्रधान बने हैं।

इस दौरान निवर्तमान प्रधान मुकेश कोली, भाजपा शहर महामंत्री नीरज सारस्वत, शहर उपाध्यक्ष एवं पार्षद प्रेमशंकर तिवारी, बैजनाथ तिवारी, विजय अग्रवाल, दिनेश पचौरी, पूर्व सरपंच दरबारी सिंह, रमन धाकड़, जगमोहन, राजेंद्र, दयाराम सरपंच, सालाबाद सरपंच सुरेंद्र कसाना, पूर्व सरपंच कोमल महावर, दीवान शेरगढ़ सहित अनेक समर्थक मौजूद रहे।

भाजपा की इस सियासी कामयाबी ने जहां निर्दलीयों की निर्णायक भूमिका पर मुहर लगाई है, वहीं संख्याबल में भाजपा से आगे रहने के बावजूद कांग्रेस का बिना मुकाबले सत्ता गंवाना उसके राजनीतिक प्रबंधन और संगठनात्मक रणनीति पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है।