बृजनगर (डीग)। पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में इस बार ऐसा सियासी घटनाक्रम सामने आया, जिसने सभी को चौंका दिया। एक ही प्रत्याशी ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल कर दिए। नामांकन के दौरान उनके पहनावे ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। पहली बार साड़ी पहनकर पहुंचीं तो दूसरी बार सलवार-सूट में नजर आईं। चुनावी गलियारों में उनके तीन नामांकनों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। आखिरकार चुनावी प्रक्रिया के बाद वती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं।