28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Bharatpur / भरतपुर: गिरिराजजी की शरण में पहुंचे अनंत अंबानी, पैदल यात्रा के बाद मंदिर में निभाई ‘कुनबाड़ा’ की खास परंपरा

भरतपुर: गिरिराजजी की शरण में पहुंचे अनंत अंबानी, पैदल यात्रा के बाद मंदिर में निभाई ‘कुनबाड़ा’ की खास परंपरा

उद्योगपति अनंत अंबानी शुक्रवार को गिरिराजजी के दर्शन करने पहुंचे। वे नाथद्वारा के तिलकायत विशाल बाबा के साथ पैदल चलकर जतीपुरा मुखारविंद मंदिर गए, जहां उन्होंने पुजारी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और विशेष पूजा-अर्चना कर भोग लगाया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भरतपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 28 Nov 2026, 9:10 AM IST

Anant Ambani Govardhan visit

अनंत अंबानी पहुंचे गिरिराजजी के दर्शन करने (Photo-Patrika)

भरतपुर। ब्रजभूमि की पावन धरती पर शुक्रवार को देश के जाने-माने उद्योगपति अनंत अंबानी गिरिराजजी की शरण में पहुंचे। उन्होंने गोवर्धन के जतीपुरा स्थित मुखारविंद मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रभु को तरह-तरह के व्यंजनों का भोग लगाया। दर्शन के लिए अनंत अंबानी सबसे पहले गंगाधाम आश्रम पहुंचे, जहां नाथद्वारा के तिलकायत गोस्वामी विशाल बाबा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आश्रम में कुछ देर रुकने के बाद वे विशाल बाबा के सानिध्य में ही मंदिर के लिए रवाना हुए।

पैदल चलते देख श्रद्धालुओं ने लगाए जयकारे

इस यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि अनंत अंबानी किसी वीआईपी काफिले की बजाय आश्रम से जतीपुरा मुखारविंद मंदिर तक पैदल चलकर ही पहुंचे। रास्ते में जब वहां मौजूद आम श्रद्धालुओं ने उन्हें बेहद सादगी के साथ पैदल चलते देखा, तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। देखते ही देखते पूरा रास्ता 'जय गिरिराज' और 'जय श्रीकृष्ण' के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर पहुंचने पर वहां के सेवायतों और पुरोहितों ने पारंपरिक ब्रज रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।

'कुनबाड़ा' की निभाई परंपरा

पूजा शुरू करने से पहले अनंत अंबानी ने बल्लभकुल के पुरोहित सुरेशचंद रामजीलाल के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। पुरोहित ने भी उन्हें प्रसादी दुपट्टा ओढ़ाया और ब्रजभूमि आने पर बधाई दी। मंदिर के सेवायतों की ओर से भी उन्हें प्रसाद भेंट किया गया। इसके बाद तिलकायत विशाल बाबा की मौजूदगी में मंदिर की प्राचीन परंपरा के अनुरूप 'कुनबाड़ा' का आयोजन हुआ और गिरिराजजी को विविध भोग अर्पित किए गए। अनंत ने गिरिराज शिला के सामने मत्था टेककर ब्रजभूमि की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन के बाद उन्होंने कुछ देर मंदिर परिसर में रुककर सेवायतों से यहां की व्यवस्था और परंपराओं के बारे में जानकारी भी ली।

दिनभर रही हलचल

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जतीपुरा मुखारविंद को गिरिराजजी का प्रमुख स्वरूप माना जाता है और यहीं से भगवान श्रीकृष्ण ने गिरिराज पूजा की शुरुआत की थी। यही वजह है कि देशभर से श्रद्धालु यहां दर्शन करने आते हैं। अनंत अंबानी भी पहले अपने परिवार के साथ यहां दर्शन कर चुके हैं। शुक्रवार को उनके आगमन से जतीपुरा और गोवर्धन के बाजारों व स्थानीय लोगों में दिनभर खासा उत्साह देखा गया। आम भक्तों को दर्शन में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए गंगाधाम आश्रम से मंदिर तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। दर्शन के बाद वे वापस गंगाधाम आश्रम लौट गए।