
भरतपुर. नदबई के नेशनल हाईवे-21 पर कांवड़ यात्रा के दौरान दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई और चार कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हादसे अलग-अलग समय और स्थान पर हुए। एक हादसा सोमवार तड़के कांवड़ियों की बाइक को स्लीपर बस की टक्कर लगने से हुआ, जबकि दूसरे हादसे में तेज रफ्तार डाक पार्सल ट्रक ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। हादसों के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पहला हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे बांसी और लुलहारा गांव के बीच हुआ। जयसिंहपुरा हिंडौन निवासी रामवीर (25) अपने साथी हीरा सिंह (45) के साथ सोरोंजी से कांवड़ लेकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को एक स्लीपर बस ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों में से एक कांवड़िये की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरा हादसा रविवार रात करीब 12 बजे हन्तरा के पास हुआ। गांव उरदेन, जिला करौली निवासी हंसराज सैनी (30) पुत्र तेजपाल सैनी अपने साथी रूपसिंह, रामखिलाड़ी सहित अन्य कांवड़ियों के साथ कांवड़ लेकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डाक पार्सल ट्रक ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि एक कांवड़िये का पैर कट गया। इसके अलावा कई अन्य कांवड़िये भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए हंसराज सैनी को उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया था। उन्हें जयपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद उनके शव को हलेना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं पहले हादसे में मृत कांवड़िये के शव को भरतपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। दोनों हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हुई, जबकि चार कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हुए।