
Bihan Yojana fraud: पुलगांव पुलिस ने बिहान योजना की किश्तों का गबन करने के आरोप में सचिव मनीता निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने 19 महिला स्व-सहायता समूहों से करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मनीता निषाद ने बिहान योजना के तहत समूहों से किश्त की राशि तो वसूली, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं किया।
इसके बजाय उसने गबन की राशि का उपयोग कोटनी और नांदगांव स्थित अपने मकान के निर्माण में किया। पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहली शिकायत प्रगति स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हेमकल्याणी साहू ने की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने सरस्वती, मां बगदई, लक्ष्मी, एकता, सखी, धन लक्ष्मी, दुर्गा, गरिमा और प्रज्ञा समूहों से लगभग 6.19 लाख रुपए का गबन किया। दूसरी शिकायत नव जागृति समूह की अध्यक्ष दिव्या साहू ने दर्ज कराई। उनके अनुसार, मनीता निषाद ने नव जागृति, उज्जवला, आस्था, राधे-राधे, साधना, प्रेरणा, प्रगति, नवा अंजोर, जय मां शीतला और वैभव महिला समूहों से 13.87 लाख रुपए की ठगी की।
Bihan Yojana fraud: आरोपी के खिलाफ बैंक द्वारा नोटिस जारी होने के बाद गबन का खुलासा हुआ। पंचायत में पेशी के बाद आरोपी को राशि लौटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन वह 17 महीनों तक फरार रही। हाल ही में लौटने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।