भिलाई

27 जून को भिलाई में सजेगा बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद का मंच, हजारों प्रशंसकों से होगी खास बातचीत

SSCC Annual Meet 2026: भिलाई में 27 जून 2026 को आयोजित होने वाले SSCC Annual Meet में बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद शामिल होंगे।

3 min read
Jun 17, 2026
Sonu Sood Bhilai Visit
27 जून को भिलाई आ रहे सोनू सूद (photo source- Patrika)

Sonu Sood Bhilai Visit: मानवता, सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित कार्यों के लिए देशभर में पहचान बना चुके बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी Sonu Sood एक बार फिर छत्तीसगढ़ के लोगों के बीच पहुंचने वाले हैं। सोनू सूद चैरिटी क्लब (SSCC) भिलाई द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित SSCC Annual Meet 2026 की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है।

यह विशेष आयोजन आगामी 27 जून 2026 को भिलाई में आयोजित होगा, जिसमें सोनू सूद की विशेष उपस्थिति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी। यह आयोजन केवल एक वार्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज सेवा, सहयोग और जनभागीदारी को समर्पित एक बड़ा सामाजिक अभियान माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर क्लब के सदस्यों और क्षेत्र के युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Sonu Sood in Chhattisgarh: समाज सेवा के संकल्प को मिलेगा नया मंच

सोनू सूद चैरिटी क्लब भिलाई की हेड दीक्षा नागदेवे ने बताया कि SSCC Annual Meet 2026 का उद्देश्य केवल लोगों को एकत्रित करना नहीं, बल्कि सेवा भावना से जुड़े लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि क्लब पिछले दो वर्षों से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में जरूरतमंद और वंचित वर्ग के लोगों की सहायता के लिए लगातार विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का संचालन कर रहा है। क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, सामाजिक जागरूकता और आपातकालीन सहयोग जैसे अनेक क्षेत्रों में कार्य किए जा रहे हैं। इसी सेवा भावना को और व्यापक रूप देने के लिए इस वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

सूद चैरिटी फाउंडेशन से प्रेरित है क्लब की कार्यशैली

दीक्षा नागदेवे ने बताया कि क्लब, सोनू सूद के नेतृत्व वाली Sood Charity Foundation से प्रेरणा लेकर कार्य कर रहा है। क्लब का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना और जरूरतमंदों को समय पर सहयोग उपलब्ध कराना है। कोविड-19 महामारी के दौरान सोनू सूद द्वारा किए गए मानवीय कार्यों ने देशभर के युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए भिलाई में भी एक मजबूत स्वयंसेवी नेटवर्क तैयार किया गया है, जो लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय है।

Sonu Sood Social Work: युवाओं को प्रेरित करेंगे सोनू सूद

SSCC Annual Meet 2026 के दौरान सोनू सूद युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में वे समाज के प्रति जिम्मेदारी, सेवा भावना और सकारात्मक बदलाव में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। आयोजन समिति का मानना है कि सोनू सूद का जीवन और उनके सामाजिक कार्य हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे में उनकी मौजूदगी कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बनाएगी।

नागसेन हायर सेकेंडरी स्कूल का भी प्रस्तावित दौरा

कार्यक्रम के दौरान सोनू सूद का Nagasen Higher Secondary School में विशेष दौरा भी प्रस्तावित है। यह दौरा सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ा होगा। माना जा रहा है कि इस अवसर पर विद्यार्थियों और युवाओं को प्रेरित करने वाले कई महत्वपूर्ण संदेश भी दिए जाएंगे।

60 से अधिक सदस्य तैयारियों में जुटे

SSCC Annual Meet 2026 को सफल बनाने के लिए सोनू सूद चैरिटी क्लब भिलाई की 60 से अधिक सदस्यों की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने से लेकर व्यवस्थाओं के संचालन तक विभिन्न जिम्मेदारियां टीम के सदस्यों को सौंपी गई हैं। क्लब के सक्रिय सदस्यों में जिलेश चावड़ा, गुरजीत सिंह, गिरीश खपर्डे, एल.बी. वर्मा, डिंपल चावला, दीपक भारता, तुषार चव्हाण, रविंद्र देवांगन, चेतन चव्हाण, सनोज चौधरी, दीपक जैन, जगतेश्वर दुबे और विकास जायसवाल सहित कई स्वयंसेवक आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

Sood Charity Foundation: सामाजिक संगठनों से जुड़ने की अपील

आयोजन समिति ने सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, उद्योग जगत और सेवा भावना रखने वाले नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है। समिति का मानना है कि जब समाज के विभिन्न वर्ग एक मंच पर आते हैं, तब सामाजिक परिवर्तन की दिशा में बड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

सेवा, सहयोग और प्रेरणा का बनेगा उत्सव

भिलाई में आयोजित होने जा रहा SSCC Annual Meet 2026 केवल एक समारोह नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों का उत्सव होगा। इस आयोजन के माध्यम से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय लोगों को सम्मान, प्रेरणा और नई ऊर्जा मिलेगी। 27 जून को होने वाला यह कार्यक्रम न केवल सोनू सूद के प्रशंसकों के लिए खास होगा, बल्कि उन सभी लोगों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

Published on:
17 Jun 2026 06:00 pm