
भिलाई. फरीद नगर सुपेला में होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों के स्वास्थ्य की रूटीन जांच करने पहुंची महिला स्वास्थ्य कर्मियों को कुछ शरारती लोगों ने घेर लिया और उनके साथ दुव्र्यवहार किया। मामला बिगड़ता देख महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस (Bhilai Police) को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शरारती लोग भाग खड़े हुए। लगभग दो घंटे तक महिला स्वास्थ्यकर्मी जान जोखिम में डालकर वहां फंसी हुई थीं।
शरारती तत्वों की तलाश कर रही है पुलिस
एएसपी रोहित झा ने बताया कि पुलिस उन शरारती लोगों की तलाश कर रही है। घटना सोमवार को दोपहर करीब 2.30 बजे नेशनल पब्लिक स्कूल फरीदनगर की है। सुपेला टीआई गोपाल वैश्य ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते जिस मोहल्ले में विदेश से लौटे कुछ लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है, प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य कर्मी उनकी रोज निगरानी करते हंै। इसी तारतम्य में एनएम बिनीता साहू और रश्मि राय फरीदनगर गई थी।
एनआरसी की जांच का आरोप लगाकर किया हंगामा
महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। वे आरोप लगाने लगे कि एनआरसी की जांच करने आई है। स्वास्थ्य सर्वे की जानकारी देने से मना कर रहे थे। उसी बीच में कुछ शरारती तत्वों ने उनके साथ दुव्र्यवहार किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर उन्हें शांत कराया गया। शरारती तत्व मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है। इधर सर्वे के दौरान लोगों का अक्रामक रवैया देखकर महिला स्वास्थ्यकर्मी काफी डरी हुईं हैं। उन्होंने बताया कि अगर जल्दी उन्हें वहां से नहीं निकाला जाता तो खुद की जान पर बन आती। लोग गुस्से में मारने पर उतारू हो गए थे।