
भीलवाड़ा। Chain Snatching Case : शहर के नेहरू रोड पर गुरुवार सुबह पौने सात बजे नकाबपोश लुटेरे ने महिला के गले से ढाई तोला सोने की चेन छीन ली। महिला पति के साथ मोपेड पर थी। वारदात से हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची। सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दी गई।
जानकारी के अनुसार संजय कॉलोनी निवासी रेखा नाहर सुबह पैदल ही रोडवेज बस स्टैंड के निकट मंदिर में दर्शन करने गई। उनको लेने पति पारस नाहर मोपेड लेकर गए। दम्पती मोपेड से घर लौट रहे थे। नेहरू रोड पर पीछे से बाइक पर आए युवक ने रेखा के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ली।
अचानक हुई वारदात से मोपेड सवार दम्पती संभल नहीं पाए। दोनों गिरते-गिरते बचे। इस दौरान शोर मचाने पर लोग जमा हो गए। पलभर में सांगानेरी गेट की ओर बाइक सवार नजरों से ओझल हो गया। पारस नाहर ने बताया कि लुटेरा अलसुबह से रोडवेज बस स्टैंड के बाहर और लव गार्डन चौराहे पर टोह लगाकर शिकार पर नजर रख रहा था। उसे दम्पती जाते नजर आए। वह बस स्टैंड से उनके पीछे हो गया।