
बांसवाड़ा/आनंदपुरी. क्षेत्र के रतनपुरा गांव में पिछले माह एक विवाह समारोह के दौरान डीजे बजाने के विवाद पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों के साथ मारपीट कर दी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद रिपोर्ट पर अब पुलिस ने छह आरोपियों को नामजद कर उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वारदात को लेकर ढनकू निवासी लक्ष्मण पुत्र फूलजी कटारा ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 22 मई की शाम 5 बजे उनके गांव के उमेश पुत्र मोतीलाल कटारा की बारात रतनपुरा में मणिलाल पुत्र नाथू चरपोटा के घर गई। मणिलाल की बेटी सुशीला और और उमेश की शादी की रस्म पूरी हो चुकी थी।
इसी बीच, दुल्हन के पिता मणिलाल पुत्र नाथू, नीलेश पुत्र प्रभु, सुभाष पुत्र गौतम, पुष्पेंद्र पुत्र मणिलाल, अल्पेश पुत्र मणिलाल, दिनेश पुत्र परतु और 20-25 लोगों ने मिलकर बारात के साथ आए डीजे की आवाज तेज कर दी। फिर डीजे से छेडख़ानी पर बारातियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने बारातियों पर लात-घूसे चलाए। मौके पर अफरा-तफरी के बीच पथराव से परिवादी के कमजी, बाराती भूरालाल पुत्र माला, अटल पुत्र लक्ष्मण, बिपिन पुत्र दयानंद, अनिता पत्नी अशोक एवं रमेश पुत्र देवाराम एवं अन्य घायल हुए।
डीजे पर रोक को ठेंगा, वीडियो वायरल होने पर केस
इस बीच, मामले को लेकर संप सभा के कानून सलाहकार एडवोकेट विनोद डामोर ने बताया कि डीजे पर रोक के निर्देश हैं। पुलिस को कार्रवाइयां करने के निर्देश के बाद भी गांवों में डीजे का शोर बदस्तूर है। इसके दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं। दूसरी ओर, मौजूदा मामले की रिपोर्ट उसी दिन पुलिस को दे दी गई, लेकिन अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
Published on:
02 Jun 2023 12:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
