भिंड

भिंड में नेशनल हाईवे 719 पर हुई दुर्घटना से सीएम मोहन यादव भी दुखी, मदद के निर्देश दिए

NH 719 Accident- सीएम मोहन यादव ने भिंड जिले के गोहद में हुई दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए निर्देश जारी किए हैं...। सीएम ने दिवंगतों के लिए बाबा महाकाल से भी प्रार्थना की है...।
2 min read
Aug 18, 2026
cm mohan yadav
cm mohan yadav फाइल फोटो, source- facebook page cm mohan yadav)

NH 719 Accident- भिंड जिले से गुजरे नेशनल हाईवे नंबर 719 एक बार फिर चर्चाओं में है। रोजी रोटी के लिए मध्यप्रदेश आए यूपी के श्रमिकों के साथ हुई दुर्घटना ने सभी को दुखी कर दिया। यह लोग धान की बुवाई करने के लिए यहां आए थे। जांच में यह खुलासा हुआ है कि जब इनका वाहन लौट रहा था, तब नेशनल हाईवे के बीच में कई गाय बैठी हुई थी। उन्हें बचाने के लिए तेज रफ्तार वाहन दूसरी तरफ आया तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से टक्कर हो गई थी। इस घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने भी दुख व्यक्त किया है।

मध्यप्रदेश के भिंड जिले में गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास यह दुर्घटना हुई। इस नेशनल हाईवे नंबर 719 पर पहले भी कई दुर्घटना हो चुकी है। यह नेशनल हाईवे उत्तर प्रदेश के इटावा को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से जोड़ता है। इस मार्ग को पहले नेशनल हाईवे 92 कहा जाता था।

रात 12 बजे यह घटना हुई। लोकल पुलिस मौके पर पहंच गई थी और पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गोहद स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां से गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। इस दुर्घटना में 8 लोगों के परिवार में मातम पसर गया है, जबकि 22 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के पछगवां, लखीमपुर खीरी और आसपास के गांवों के रहने वाले श्रमिक लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। यह सभी लोग ग्वालियर जिले के डबरा के पास चिनोर गांव में धान रोपने का काम करने आए थे।

गायों को बचाते समय हुआ हादसा

घायलों ने बताया कि रात को जब सभी लोडिंग वाहन में जा रहे थे, तो बीच सड़क पर कुछ गाय बैठी हुई थीं। उन्हें बचाने के लिए वाहन एक तरफ हुआ, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों ही वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। इससे पहले इसी नेशनल हाईवे पर भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

मोहन यादव दुखी

इधर, इस घटना से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव भी दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया हेंडल एक्स पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि भिंड में ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। हादसे में सभी घायलों का बेहतर उपचार कराने एवं उनके परिजनों से संपर्क कर हर संभव सहायता करने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
ॐ शांति!

Updated on:
18 Aug 2026 03:09 pm
Published on:
18 Aug 2026 03:07 pm