भोपाल

दिन के बाद रात में भी बढ़ा गर्मी का सितम, मौसम विभाग ने जारी किया है ऑरेंज अलर्ट!

भीषण गर्मी: सबसे गर्म रात, दिन का पारा 44 डिग्री के पार

2 min read
Jun 01, 2019
Orange Alert

भोपाल. गर्मी के तीखेपन से राजधानीवासियों को राहत नहीं मिल सकी है। हालात ये हैं कि दिन के अलावा रात को भी गर्मी परेशान कर रही है। गुरुवार को सीजन की सबसे गर्म रात रही, जिससे न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक है। दिन का तापमान लगातार चौथे दिन 44 डिग्री पर बना हुआ है, जिससे लू के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी के मद्देनजर आरेंज अलर्ट जारी किया है।

बेअसर रहे हवा-बादल और बूंदा-बांदी

शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। शुक्रवार को नौतपा के सातवें दिन सुबह बादल छाए रहे। इससे तीखी धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन इसके बाद दिनभर बादलों की लुका-छिपी बनी रही। देर शाम बादलों की मौजूदी में कुछ देर तेज हवाएं चलीं और कुछ हिस्सों में बूंदा-बांदी भी हुई। मौसम में आए बदलाव ने गर्मी से राहत देने के बजाए उमस बढ़ा दी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

दिनभर पारे की चाल

रात 2.30 बजे 31.0 डिग्री
गुरुवार रात 8.30 बजे 36.4 डिग्री
गुरुवार रात 11.30 बजे 34.0 डिग्री
शुक्रवार तडक़े 2.30 31.4 डिग्री

भीषण गर्मी से मरीजों में बढ़ा संक्रमण का खतरा

राजधानी के सबसे बड़े अस्पताल हमीदिया में मरीज गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। आईसीयू के एसी बंद हैं, कूलर नहीं चल रहे। मरीज घर से पंखा लेकर आ रहे हैं। गर्मी के कारण सर्जरी वाले मरीजों में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। कई वार्डों में कूलर खराब हैं।

हमीदिया में रोजाना दो हजार से ज्यादा मरीज आते हैं। 750 से ज्यादा मरीज भर्ती रहते हैं। यहां हर वार्ड में एक कूलर ही रखा है। ज्यादातर कूलर प्रेरणा सेवा ट्रस्ट ने लगाए हैं। जगह कम होने से गैलरी में भी बेड लगाए गए हैं, लेकिन यहां न कूलर हैं न पंखे। सर्जरी के बाद मरीजों को संक्रमण का खतरा बना हुआ है।

कूलर नहीं मिला तो खुद लाना पड़ा पंखा

पटेल वार्ड में भर्ती ब्यावरा निवासी जगदीश लोधी के पैर में रॉड डली है। वे बताते हैं वार्ड में छह मरीज हैं,लेकिन एक भी कूलर नहीं है। पंखों से गर्म हवा आती है। पसीने से जख्म में मवाद पड़ गई है। ऐसे में वे 800 रुपए में टेबल फेन खरीदकर लाए हैं।अस्पताल के कर्मचारी उन्हें पंखा लगाने से भी मना करते हैं।

सभी वार्डों में कूलर लगे हैं। एसी भी काम कर रहे हैं। अगर कोई कूलर नहीं चल रहा है तो उसे ठीक करा दिया जाता है।- अमृता वाजपेयी, कॉर्डिनेटर, हमीदिया अस्पताल

Published on:
01 Jun 2019 10:42 am
Also Read
View All