भोपाल

एमपी के दो जिलों में 13 क्विंटल डोडाचूरा जब्त, पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

MP Police- मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही
2 min read
Mar 24, 2026
Quintals of Doda Chura Seized in Two Districts of MP
Quintals of Doda Chura Seized in Two Districts of MP (फोटो- Patrika.com)

MP Police- मध्यप्रदेश में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रदेश के दो जिलों आगर मालवा एवं मंदसौर में 13 क्विंटल से ज्यादा डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में 3 आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने कुल 1 करोड़ 72 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की। दोनों प्रकरणों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

आगर मालवा एवं मंदसौर जिलों में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाते हुए 13 क्विंटल से अधिक का अवैध डोडाचूरा एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहनों सहित लगभग 1 करोड़ 72 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है। साथ ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आगर मालवा में थाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आगर-सारंगपुर मार्ग स्थित गणेश घाटी पर नाकाबंदी कर एक कंटेनर ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान कंटेनर में भरी 31 काले रंग की बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 613 किलो 600 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया। प्रकरण में 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो वाहन के माध्यम से मादक पदार्थ को अन्य राज्य की ओर परिवहन कर रहा था। आरोपी के कब्जे से कंटेनर ट्रक, 2 मोबाइल फोन, नगद राशि एवं अन्य दस्तावेज सहित लगभग 1 करोड़ 53 लाख 46 हजार रुपए की संपत्ति जप्त की।

मंदसौर में थाना सीतामऊ क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मानपुरा आम रोड से एक बोलेरो पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान 37 प्लास्टिक कट्टों में भरा हुआ कुल 7 क्विंटल 22 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जप्त किया। उक्त कार्रवाई में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा बोलेरो पिकअप वाहन, एक ट्रैक्टर एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 19 लाख 3 हजार रुपए मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।

अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही

मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस द्वारा प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

Updated on:
24 Mar 2026 10:21 am
Published on:
24 Mar 2026 10:21 am