Bikaner News: बीकानेर पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल पर निशाना साधा।
बीकानेर। बीकानेर में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी अराजकता फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में तो ऐसा करते ही हैं, विदेशों में भी देश की आलोचना करते रहते हैं। सांसद हनुमान बेनीवाल के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मेघवाल ने कहा कि अमर्यादित भाषा बोलने वालों का हम विरोध करते हैं।
यह वीडियो भी देखें
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा काफी महत्वपूर्ण रहा। सीमांत गांवों के विकास के लिए नई नीति बनाई जा रही है। साथ ही बॉर्डर सुरक्षा के लिहाज से भी केंद्रीय गृह मंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गौरतलब है कि बिचून रीको औद्योगिक क्षेत्र के विरोध में चल रहे ‘रीको भगाओ, भैराणा धाम बचाओ’ आंदोलन को लेकर बुधवार को महापंचायत आयोजित की गई थी। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल धरना स्थल पर पहुंचे थे।
भैराणा गांव में आयोजित इस महापंचायत में बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए मर्यादाहीन शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को “मूर्खों का राजा” तक कह दिया था। इसके अलावा उनके चरित्र को लेकर भी सवाल उठाए थे, जिसके बाद उनके बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई। वहीं कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए गद्दार कह डाला था।
इससे पहले केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भीलवाड़ा में कहा था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए जिन अपशब्दों का प्रयोग किया है, उसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। मेघवाल ने कहा था कि यदि राहुल गांधी ऐसा नहीं करते हैं तो जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
वहीं राजस्थान सरकार में मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने भी हनुमान बेनीवाल के बयान की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि बेनीवाल का एक बेतुका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मंत्रिमंडल के बारे में जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह अनुचित है। बेढम ने कहा कि पूरा राजस्थान यह कह रहा है कि इस तरह की भाषा किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि सांसद होने के नाते उन्हें पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। ऐसे बयानों को कोई भी बर्दाश्त नहीं करेगा।