शिक्षा विभाग स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।
लूणकरनसर. गुडग़ांव के रेयान इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में सात वर्षीय छात्र प्रद्युमन की गला रेतकर हत्या के हाईप्रोफाइल मामले के बावजूद शिक्षा विभाग स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। बुधवार को ऐसा ही मामला लूणकरणसर के राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में सामने आया। स्कूल में दसवीं कक्षा में पढऩे वाले छात्र पवन गोदारा को एक अन्य छात्र के परिजनों ने स्कूल परिसर में ही लाठी व हॉकी स्टिक से हमला कर घायल कर दिया।
छात्र के पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। स्कूल परिसर में इतना कुछ होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने कोई सुध नहीं ली। घायल छात्र के परिजनों ने ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार विद्यालय में पवन की अन्य छात्र अनिल कुमार से सुबह कहासुनी हो गई। अनिल ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। मध्याह्न अवकाश के बाद जब कक्षाएं शुरू हुई तो अनिल की मां व दो युवक कार लेकर स्कूल में आए।
उन्होंने चलती कक्षा में ही शिक्षकों व अन्य छात्रों की मौजूदगी में पवन से लाठी व हॉकी से मारपीट की। आरोपितों ने पवन का गला दबाकर उसे मारने का प्रयास भी किया। इस दौरान साहस जुटाकर स्कूल की एक शिक्षिका व शिक्षक ने बीच-बचाव कर पवन को छुड़ाया। पुलिस ने घायल छात्र का मेडिकल कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल प्रशासन लापरवाह
छात्र पवन से स्कूल में स्टाफ की मौजूदगी में मारपीट के मामले ने राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रशासनकी लापरवाही उजागर हो गई है। इससे स्पष्ट होता है कि स्कूल प्रशासन यहां अध्ययनरत छात्रों की सुरक्षा को लेकर कतई गंभीर नहीं है।
फंदे पर झूल आत्महत्या की
बीकानेर. बंगलानगर में बुधवार को एक व्यक्ति ने अपने घर में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर नयाशहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पीबीएम की मोर्चरी में रखवाया। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह कराया जाएगा।
एएसआई जगदीश ने बताया कि बंगलानगर निवासी भादरसिंह (44) ने बुधवार दोपहर को घर के एक कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में भादर के बेटे दिलीपसिंह की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज किया गया है। उसने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने चाचा रिछपाल के साथ बैंक खाता खुलवाने गया। तब पड़ोसियों ने उसके पिता के कमरा बंद कर लेने और नहीं खोलने की सूचना दी तो वह घर पहुंचा।