बीकानेर

बीकानेर में 4 KM लंबा रोड शो, डेढ़ घंटे तक गूंजे जयकारे: CM भजनलाल बोले- अब निकायों में बनेगी ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार

बीकानेर में नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को चार किलोमीटर लंबा रोड शो किया। गोकुल सर्कल से शुरू होकर सादुल सर्कल तक पहुंचे इस डेढ़ घंटे के रोड शो में कार्यकर्ताओं और आम जनता ने छतों से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने तेलीवाड़ा स्थित पूनरासर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
3 min read
Sep 06, 2026
cm bhajanlal sharma bikaner roadshow
बीकानेर में आयोजित जन-आशीर्वाद रोड शो में उमड़ा जनसैलाब (पत्रिका फोटो)

CM Bhajanlal Sharma Bikaner Road Show: सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने राजस्थान में विकास की गंगा बहाई है और अब स्थानीय निकाय चुनावों में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है। इससे शहरों के विकास को नई गति मिलेगी और विकसित राजस्थान का सपना साकार होगा। बता दें कि सीएम शर्मा रविवार को सादुल सर्कल पर रोड शो की समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच साल में जितना विकास नहीं किया, उससे अधिक काम भाजपा सरकार ने ढाई साल में करके दिखाया है। निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने संकल्प पत्र तैयार किया है। भाजपा के बोर्ड बनने के बाद इसी संकल्प पत्र के आधार पर शहरों के विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार के समय लगातार पेपर लीक होने से युवाओं के सपने टूटे थे।

'बीकानेर का जज्बा फिर दिखना चाहिए'

सीएम शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने बीकानेर के लोगों का जज्बा देखा था। अब निकाय चुनाव में भी इसी तरह का उत्साह और ताकत दिखाई देनी चाहिए। विकास की यह यात्रा बीकानेर से शुरू होकर राजस्थान और फिर देश तक जाएगी। पहले बीकानेर विकसित होगा, फिर राजस्थान विकसित होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।

चार किलोमीटर की राह, डेढ़ घंटे का रोड शो, छतों से बरसे फूल

बीकानेर नगर निगम चुनाव के बीच रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो में शहर की सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह नजर आया। करीब चार किलोमीटर का सफर तय करने में मुख्यमंत्री को करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। गोकुल सर्कल से सादुल सर्कल तक निकले रोड शो के दौरान रास्ते भर लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मकानों की छतों और सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे रहे।

मुख्यमंत्री शर्मा करीब डेढ़ घंटे की देरी से बीकानेर पहुंचे। शाम करीब चार बजे रोड शो शुरू हुआ और 5.30 बजे सादुल सर्कल पर समाप्त हुआ। रोड शो के लिए विशेष रथ तैयार किया गया था। गोकुल सर्कल से तेलीवाड़ा तक मुख्यमंत्री कार में सवार रहे। इसके बाद तेलीवाड़ा स्थित पूनरासर हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना करने के बाद रथ में सवार हुए।

हनुमान मंदिर में पूजा, फिर खुली जीप में निकले

मुख्यमंत्री शाम 4.37 बजे तेलीवाड़ा स्थित पूनरासर हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने करीब तीन मिनट तक हनुमानजी की पूजा-अर्चना की और 4.40 बजे मंदिर से रवाना हुए। इसके बाद वे खुली जीप में सवार हुए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक जेठानंद व्यास, विधायक सिद्धि कुमारी और विधायक अंशुमान सिंह भी जीप में मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए।

पूनरासर बाबा के जयघोष से गूंजा रास्ता

रोड शो के दौरान राजनीतिक उत्साह के साथ धार्मिक रंग भी नजर आया। मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान जगह-जगह ‘पूनरासर बाबा की जय’ और ‘हिरणा किसना गोविन्दा, प्रहलाद बधे’ के जयघोष सुनाई दिए। ढोल और नगाड़ों की थाप के बीच कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे।

छतों से बरसे फूल, मोबाइल कैमरों में कैद हुए पल

मुख्यमंत्री का रथ सामने आते ही लोगों ने छतों से फूल बरसाए। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने भी पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। एक झलक पाने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्सुकता नजर आई। बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन से रोड शो और मुख्यमंत्री के काफिले के वीडियो बनाते दिखाई दिए।

ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत, जगह-जगह लस्सी वितरण

रोड शो के आगे ढोल और नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। रास्ते में कई स्थानों पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कुछ जगहों पर लोगों को लस्सी भी वितरित की गई। गोकुल सर्कल से शुरू हुआ काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सादुल सर्कल पहुंचा। मुख्यमंत्री के रथ के आगे और पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके वाहनों का काफिला चलता रहा।

Updated on:
06 Sept 2026 10:14 pm
Published on:
06 Sept 2026 08:24 pm