शाखा अधिकारियों के साथ अपर महाप्रबंधक की बैठक
उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक अशोक महेश्वरी ने शाखा अधिकारियों के साथ बैठक की और उनके कार्यों की समीक्षा कर जायजा लिया। इस बैठक में संरक्षा, कार्य निष्पादन निर्माण, निर्माण कार्य पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फैंसिंग, समपार फाटकों को बंद करने, यात्री सुविधाएं तथा आय बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। अपर महाप्रबंधक ने मंडल के समग्र कार्य निष्पादन की समीक्षा करते हुए संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने रेल संरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर गंभीरता से चर्चा की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि संरक्षित रेल संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में निर्माण कार्यों, पूंजीगत आय से संबंधित योजनाओं, रेलवे ट्रैक की फेंसिंग, मानव रहित एवं मानव युक्त समपार फाटकों को चरणबद्ध तरीके से बंद किए जाने, यात्री सुविधाओं के उन्नयन, स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा
अपर महाप्रबंधक ने आय बढ़ाने के उपायों पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए वाणिज्यिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा नवाचारों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी शाखा अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार एवं सुरक्षित रेल संचालन उत्तर पश्चिम रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक साहिल गर्ग, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अंकुर कुमार झिंगोंनियां, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) ऋतुराज शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।