बीकानेर

बीकानेर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पटवारी और ई-मित्र संचालक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचू हल्का पटवारी अम्बालाल मीणा और ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
less than 1 minute read
Oct 30, 2025
Feature image
पटवारी और ई-मित्र संचालक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार। फोटो पत्रिका नेटवर्क

बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचू हल्का पटवारी अम्बालाल मीणा और ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी पांचू स्थित कृषि भूमि में बिजली टावर के नीचे आई भूमि के मुआवजे की चौथी किश्त करीब 50 हजार रुपए जारी कराने के लिए पटवारी अम्बालाल मीणा ने चार हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। यह राशि ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट के माध्यम से देने को कहा गया था।

शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने श्रीराम जाट को परिवादी से 4 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए दबोच लिया। यह राशि पटवारी अम्बालाल मीणा के लिए ली जा रही थी। इसके बाद दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव की निगरानी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में की गई। ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
30 Oct 2025 06:32 pm
Published on:
30 Oct 2025 06:32 pm