बिलासपुर

‘नौकर हो तो नौकरी करो’ कहते हुए हिंदूवादी नेता ने गार्ड से की मारपीट, बिलासपुर SIMS अस्पताल में विवाद

Bilaspur SIMS Hospital Controversy: बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में NICU के बाहर रोके जाने पर हिंदूवादी नेता राम सिंह ठाकुर ने सुरक्षाकर्मी से मारपीट की और धमकी दी।
2 min read
SIMS Bilaspur News
बिलासपुर SIMS अस्पताल में हंगामा (photo source- Patrika)

SIMS Bilaspur News: बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब सफाई व्यवस्था के कारण NICU के बाहर प्रवेश रोके जाने पर एक हिंदूवादी संगठन के नेता राम सिंह ठाकुर भड़क उठे। विवाद इतना बढ़ गया कि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी मनीष कश्यप के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी गई, जिससे अस्पताल परिसर में हंगामे और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है, वहीं अस्पताल प्रबंधन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

SIMS Bilaspur News: कैसे बढ़ा विवाद?

जानकारी के अनुसार, सफाई व्यवस्था के कारण NICU क्षेत्र में प्रवेश को रोका गया था। इसी बात पर नाराज होकर राम सिंह ठाकुर ने सुरक्षाकर्मी से बहस शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि उन्होंने गार्ड का कॉलर पकड़ लिया और कथित रूप से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान गार्ड के गले की चेन और लॉकेट टूटने की भी बात सामने आई है।

वीडियो आया सामने, गाली-गलौज और धमकी के आरोप

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आरोपी नेता सुरक्षाकर्मी को गाली देते और धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है कि “तुम्हारे दो बाप के साथ आऊंगा…”, “डीन और स्वास्थ्य मंत्री को भी बुलाऊंगा…”, “सबका हिसाब-किताब कर देंगे…”, “नौकर हो तो नौकरी करो…”। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

गार्ड पर लगाए आरोप, नेता का पक्ष

राम सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मी ने उनके साथ बदतमीजी की। उनका कहना है कि गार्ड ने कहा, “अरे, कहां जा रहे हो?” जो उन्हें अपमानजनक लगा। उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों से बातचीत का तरीका सही होना चाहिए और गार्ड का व्यवहार उचित नहीं था। घटना के दौरान नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की। हालांकि काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।

SIMS Bilaspur News: अस्पताल प्रबंधन का बयान

सिम्स अस्पताल के एमएस डॉ. लखन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी। अस्पताल परिसर में हंगामा और मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों और परिजनों की मौजूदगी में हुई इस तरह की झड़प से अस्पताल परिसर में दहशत और असहजता का माहौल बन गया।


Updated on:
16 May 2026 01:36 pm
Published on:
16 May 2026 01:35 pm