Suzanne Bernert On Deepika Padukone Dhurandhar Controversy: दीपिका पादुकोण ने हाल ही में रणवीर की फिल्म धुरंधर 2 पर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया था। अब अभिनेत्री सुजैन ने उसी कमेंट पर सवाल उठाया है।
Suzanne Bernert On Deepika Padukone Dhurandhar Controversy: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और देश-विदेश में रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर चर्चा में बनी हुई है। लेकिन फिल्म की सफलता के बीच एक अलग तरह की बहस भी छिड़ गई है- और वो है दीपिका पादुकोण का अब तक फिल्म की तारीफ ना करना।
सोशल मीडिया पर इस मुद्दे ने इतना जोर पकड़ा कि अब इंडस्ट्री के कलाकार भी इस पर खुलकर प्रतिक्रिया देने लगे हैं। हाल ही में अभिनेत्री सुज़ैन बर्नर्ट ने दीपिका के रुख पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।
दरअसल, फिल्म की सफलता के बाद कई फैंस को उम्मीद थी कि दीपिका पादुकोण सार्वजनिक रूप से अपने पति रणवीर सिंह की तारीफ करेंगी। लेकिन ऐसा तुरंत देखने को नहीं मिला। इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। इसी बीच सुजैन बर्नर्ट ने एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वो समझ नहीं पा रहीं कि दीपिका अब तक खुलकर अपने पति की उपलब्धि पर प्रतिक्रिया क्यों नहीं दे रही हैं।
सुजैन ने अपने संदेश में साफ तौर पर कहा कि ये किसी तरह का ‘फ्लेक्स’ करने का मामला नहीं है, बल्कि एक कलाकार के रूप में अपने जीवनसाथी की सफलता पर गर्व जताने का अवसर होता है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। कुछ लोगों ने सुजैन की बात का समर्थन किया, तो वहीं कई यूजर्स ने दीपिका का पक्ष लेते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपनी निजी शैली में खुशी जाहिर करता है।
इधर दीपिका पादुकोण ने भी इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को जवाब देते हुए साफ किया कि उनकी चुप्पी को गलत तरीके से समझा जा रहा है। दीपिका ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वो फिल्म पहले ही देख चुकी थीं और इस पर बेवजह की चर्चा करना ठीक नहीं है। उनके इस जवाब ने कई अफवाहों पर विराम लगाने का काम किया।
दिलचस्प बात यह भी है कि धुरंधर 2: द रिवेंज सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं बल्कि एक बड़े जियो-पॉलिटिकल बैकग्राउंड पर आधारित कहानी है, जिसमें आतंकवाद और खुफिया अभियानों जैसे संवेदनशील विषयों को दिखाया गया है। फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार के अतीत और उनके मिशन के पीछे की प्रेरणा को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है, जिसने दर्शकों को काफी प्रभावित किया है।
फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों से ही शानदार कमाई करते हुए घरेलू और वैश्विक स्तर पर रिकॉर्ड बनाए हैं। दर्शकों की प्रतिक्रिया और स्टारकास्ट के दमदार प्रदर्शन के कारण यह फिल्म इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी है।