
Emraan Hashmi Gunmaster G9 Teaser Release: बॉलीवुड के रोमांटिक एक्टर इमरान हाशमी एक बार फिर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी नई फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ का धमाकेदार टीजर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। सिर्फ 1 मिनट 22 सेकंड के टीजर में इमरान जबरदस्त एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शॉट गन चलाने का उनका अंदाज फैंस को खूब पसंद भी आ रहा है।
बता दें ‘आवारापन 2’ के बाद इमरान हाशमी एक बार फिर टूटे दिल वाले आशिक के किरदार में दिखाई देंगे। हालांकि इस बार उनका अंदाज पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक है। उनके चेहरे पर दर्द तो है, लेकिन प्यार के कारण वह बेबस नजर आ रहे हैं।
1 मिनट 22 सेकंड के टीजर में सबसे खास बात ये है कि इमरान हाशमी इंटेस लुक में नजर आ रहे हैं। टीजर की शुरुआत सुनसान पहाड़ियों के बीच से होती है। जिसमें इमरान को 20-25 लोग हाथ बांधकर मारते दिखाई दे रहे हैं। अगले सीन में कुछ लोग एक कार पर AK-47 से अंधाधुंध फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। इस बीच हाथ में जंजीर लिए इमरान हाशमी महादेव का नाम लेकर नदी से बाहर आते दिखाई दे रहे हैं। इस सीन में वह कहते हैं- जब तक मैं इश्क के दहलीज तक न पहुंच जाऊं… मेरी सांसे मत लेना। टीजर में काफी शानदार डायलॉग भी है। जो बैकग्रॉउंड म्यूजिक के साथ फील दे रहा है।
बता दें फिल्म में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी एक बार फिर देखने को मिलेगी। फैंस को पुराने दिनों की याद फिर से आने वाली है। फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ में दोनों साथ लौट रहे हैं। टीजर में सुनाई दे रहा म्यूजिक पहले ही फैंस का ध्यान खींच रहा है। इमरान का अंदाज और हिमेश का संगीत मिलकर फिल्म को खास बना सकते हैं।
बता दें फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। इसका संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। फिल्म को दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने प्रोड्यूस किया है। ‘गनमास्टर जी9’ 29 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इमरान और हिमेश इससे पहले ‘आशिक बनाया आपने’ और ‘अक्सर’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी खास जोड़ी का जलवा दिखा चुके हैं। अब देखना होगा कि यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं।