बॉलीवुड

MENTAL HAI KYA FIRST LOOK: कंगना रनौत और राजकुमार राव की फिल्म ‘मेंटल है क्या’ का फर्स्ट लुक हुआ जारी

आज फिल्म ‘मेंटल है क्या’ के पोस्टर जारी हुए हैं। 
2 min read
Mar 05, 2018
kangana ranaut and rajkumar rao
kangana ranaut and rajkumar rao

बॅालीवुड इंडस्ट्री की क्वीन कंगना रनौत और जाने माने एक्टर राजकुमार राव जल्द ही फिल्म ‘मेंटल है क्या’ में साथ दिखाई देने वाले हैं। इस फिल्म को निर्देशक प्रकाश कोवेलमूडी ने डायरेक्ट किया है। आज फिल्म के 2 पोस्टर जारी हुए हैं। ऐसा पहली बार नहीं है जब कंगना रनौत और राजकुमार राव साथ दिखाई दिए हों। इससे पहले वे फिल्म 'क्वीन' में भी साथ काम कर चुके हैं।

प्रकाश कोवेलमूडी साउथ इंडस्ट्री के काफी प्रतिष्ठित निर्देशक हैं। उन्हें तेलुगू फिल्म ‘बोमालता’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है। ऐसा पहली बार होगा जब प्रकाश, कंगना और राजकुमार राव के साथ काम करने वाले हैं।

इस फिल्म की कहानी कनिका ढ़िल्लन ने लिखी है। फिल्म के दो पोस्टर सोशल मीडिया पर साझा किए गए हैं । पहले पोस्टर में कंगना और दूसरे में राजकुमार का लुक जारी किया गया है। पोस्टर में कंगना छोटे बालों में नजर आ रही हैं और वह आँखों को घुमाकर बचकानी हरकतें करती दिखाई दे रही हैं। कंगना के अलावा राजकुमार भी पोस्टर में काफी मस्ती भरे अंदाज में दिखाई दे रहे हैं।

‘मेंटल है क्या’ की कहानी


फिल्म ‘मेंटल है क्या’ एक सायकोलॅाजिकल थ्रिलर फिल्म है। इसमें कंगना और राजकुमार एक अलग ही अंदाज में नजर आने वाले हैं। बता दें कि इस फिल्म की शूटिंग इस महीने से मुंबई में शुरु की जाएगी। फिल्म का प्रोडक्शन एकता कपूर के बालाजी मोशन पिक्चर्स और शैलेष आर सिंह के कर्मा मीडिया बैनर तले हो रहा है।


'मणिकार्णिका' के आखिरी कुछ शूट्स में व्यस्त हैं कंगना


इन दिनों एक्ट्रेस कंगना रनौत अपनी आने वाली फिल्म 'मणिकार्णिका' के आखिरी कुछ शूट्स में व्यस्त हैं। फिल्म की कहानी रानी लक्ष्मी बाई की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में कंगना रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका निभा रही हैं वहीं इस फिल्म से टीवी इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे भी डेब्यू करने वाली हैं। 'मणिकार्णिका' में अंकिता रानी लक्ष्मीबाई की खास दोस्त झलकारी बाई की भूमिका निभा रही हैं। कुछ दिन पहले कंगना ने एक इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में उन्होंने बताया,'आप जब रानी लक्ष्‍मीबाई की बात करते हैं तो सबसे पहले यह समझना जरूरी था कि वो एक अद्भुत महिला थीं। ऐसे में उनके किरदार के लिए सिर्फ कपड़े पहनकर, मेकअप करके, गहने पहनकर, हेयरस्‍टाइल लेकर उनकी तरह ढलने की बात करना बेवकूफी है। उनके किरदार में ढलने के लिए थोड़ी चोट लगे और खून बहाना पड़े तो भी कम है।' फिल्म 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ झांसी' 27 अप्रैल को रिलीज होगी।

Updated on:
06 Mar 2018 04:36 pm
Published on:
05 Mar 2018 02:33 pm