बॉलीवुड

Kuku Kohli Passed Away: अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का निधन, पड़ा था दिल का दौरा

Kuku Kohli Aruna Irani husband Death: फिल्म 'फूल और कांटे' से अजय देवगन को बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले फिल्ममेकर और अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का निधन हो गया है। इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
2 min read
Aug 25, 2026
Kuku Kohli Aruna Irani husband passed away at 77 death reason heart attack
कुकू कोहनी का निधन (Photo Source- Instaram)

Aruna Irani Husband Passed Away: बॉलीवुड से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। मशहूर फिल्ममेकर और अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का निधन हो गया है। उन्होंने मंगलवार को 77 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। जैसे ही ये खबर आई सोशल मीडिया पर फैंस हैरान रह गए। लोग फिल्ममेकर को श्रद्धाजंलि देने लगे। कुकू कोहली के जाने से इंडस्ट्री में मातम छा गया है।

अचानक आया हार्ट अटैक, दोस्त अशोक पंडित ने की पुष्टि

खबर की पुष्टि करते हुए अशोक पंडित ने मिड-डे को बताया, "जी हां, यह सच है। कुकू कोहली का आज शाम निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें तुरंत कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई। दिन भर उनकी हालत ठीक थी। यह दुखद है। यह चौंकाने वाला है।"

उनके बहनोई संजय ईरानी ने बताया, “कुकू कोहली का निधन आज शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच हुआ। कल उनका हार्ट का ऑपरेशन हुआ था और स्टेंट डाला गया था। दरअसल, आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी। लेकिन अचानक यह घटना हो गई। हम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।” उन्होंने अंतिम संस्कार की जानकारी देते हुए बताया, “अंतिम संस्कार कल सुबह यानी 26 अगस्त को करीब 11:30 बजे ओशिवारा में होगा।”

अजय देवगन के करियर को दी थी नई उड़ान

कुकू कोहली का असली नाम अवतार कोहली था। उन्हें मुख्य रूप से बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन को सिल्वर स्क्रीन पर लॉन्च करने के लिए याद किया जाता है। एक निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म 'फूल और कांटे' (1991) बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।

अजय देवगन की दो मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर आइकॉनिक एंट्री आज भी सिनेमा प्रेमियों के दिलों में बसी हुई है। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ मधु, अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप मुख्य भूमिकाओं में थे।

इसके बाद उन्होंने 1994 में ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सुहाग' का निर्देशन किया, जिसमें पहली बार अजय देवगन और अक्षय कुमार की जोड़ी पर्दे पर एक साथ नजर आई। इसमें करिश्मा कपूर और नगमा भी मुख्य भूमिका में थीं। इसके अलावा उन्होंने 'कोहराम', 'हकीकत' (1995), 'ज़ुल्मी' (1999), 'अनाड़ी नंबर 1' (1999) और 'ये दिल आशिकाना' (2002) जैसी कई यादगार और सफल फिल्मों का निर्देशन किया था।

परिवार में कौन-कौन?

कुकू कोहली ने फिल्म निर्माता राज कपूर के साथ काम करके अपने करियर की शुरुआत की थी। निर्देशन के साथ-साथ उन्होंने लेखक, संपादक और स्क्रीन राइटर के रूप में भी काम किया। उनके करियर में फिल्म निर्माण के कई पहलू शामिल थे।

कुकू कोहली के निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म 'वो तेरा नाम था' साल 2004 में सिनेमाघरों में आई थी। लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बावजूद सिनेमा के प्रति उनका प्यार कभी कम नहीं हुआ। इसी साल जनवरी 2026 में उन्होंने अपनी सुपरहिट रोमांटिक फिल्म 'ये दिल आशिकाना' को सिनेमाघरों में री-रिलीज करने पर खुशी जताई थी और कहा था कि नई पीढ़ी को यह फिल्म बड़े पर्दे पर जरूर देखनी चाहिए।

कुकू कोहली ने 1990 में अभिनेत्री अरुणा ईरानी से शादी की थी। इस दंपति की कोई संतान नहीं थी। यह कुकू कोहली की दूसरी शादी थी। इससे पहले उनकी पत्नी रीता कोहली थीं, जिनसे उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा कोहली हैं। गौरतलब है कि करिश्मा सलमान खान की फिल्मों जैसे 'एक था टाइगर' और 'बजरंगी भाईजान' में सहायक के रूप में काम कर चुकी हैं।

Updated on:
25 Aug 2026 11:04 pm
Published on:
25 Aug 2026 10:28 pm