
Oscars 2023: 95वें एकेडमी अवॉर्ड्स का धमाकेदार आगाज हुआ। भारत के लिए इस बार ऑस्कर काफी खास है। एक तरफ जहां दुनियाभर में अपनी सफलता का परचम लहरा चुकी एस एस राजामौली की फिल्म के गाने 'नाटू-नाटू' को बेस्ट ओरिजिनल गाने के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, तो वहीं दूसरी तरफ गुनीत मोंगा की शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म पुरस्कार मिला। इन उपलब्धि से हर कोई गदगद है। दीपिका पादुकोण इस अवॉर्ड सेरेमनी में बतौर प्रेजेंटर पहुंची थीं।
दीपिका ने नाटू नाटू गाने की लाइव परफॉरमेंस का ऐलान ऑस्कर्स 2023 के स्टेज पर किया। इस दौरान वहां बैठी ऑडियंस ने जबरदस्त हूटिंग की। इसकी वजह से दीपिका पादुकोण बार-बार अपनी स्पीच देते हुए अटकीं।
नाटू नाटू गाने को जिस तरह ऑडियंस ने सपोर्ट किया, वो खुशी दीपिका पादुकोण के चेहरे पर भी दिखीं। वहीं एक्ट्रेस का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दीपिका की आंखों में आंसू दिखाई दिए। वीडियो में दिख रहा है जब फिल्म RRR के गाने नाटू-नाटू को अवार्ड का ऐलान किया गया तो एक्ट्रेस इमोशनल हो गई थीं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि दीपिका पादुकोण बैठी हुई हैं और उनकी आंखें नम हैं। एक्ट्रेस का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स एक्ट्रेस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
95वें ऑस्कर में प्रजेंटर के तौर पर नजर आईं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) ने प्रस्तुति की घोषणा करते हुए कहा, "यूट्यूब और टिक टॉक पर इसे लाखों बार देखा गया है। यह ऑस्कर के लिए नामांकित होने वाला भारतीय प्रोडक्शन का पहला गाना भी है। ‘‘क्या आपको पता है ‘नाटू' क्या है, अगर नहीं तो अब पता चल जाएगा। पेश है ‘आरआरआर' से ‘नाटू नाटू'।''
दीपिका पादुकोण का भाषण अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी RRR पिछले साल मार्च में रिलीज हुई थी। इंडिया में फिल्म ने 750 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया था।
यह भी पढ़ें- भोजपुरी की हॉट हसीनाओं में शुमार अक्षरा सिंह 11 सालों पहले दिखती थीं ऐसी