
Ranveer Singh Emotional After Dhurandhar Success: रणवीर सिंह के करियर में फिल्म 'धुरंधर' ने एक ऐसा मोड़ दिया, जिसने उनकी लोकप्रियता और बॉक्स ऑफिस स्टारडम को एक नई ऊंचाई दी। फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद अब अभिनेता ने पहली बार उस सफर और उससे जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर बात की है। एक डॉक्यूमेंट्री में नजर आए रणवीर इस दौरान अपने करियर के उस दौर को याद करते हुए भावुक भी हो गए, जब उनकी कुछ फिल्में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही थीं।
रणवीर सिंह ने बताया कि ‘धुरंधर’ जैसी बड़े पैमाने की फिल्म को पर्दे पर उतारना बिल्कुल आसान नहीं था। कहानी, स्केल और प्रोजेक्ट की महत्वाकांक्षा को देखते हुए फिल्म के सामने शुरुआत से ही कई तरह की चुनौतियां थीं। इसके बावजूद पूरी टीम अपने विजन को लेकर आगे बढ़ती रही।
अभिनेता के मुताबिक, फिल्म बनाते समय सबसे जरूरी चीज ये भरोसा था कि अगर उनका प्रयोग दर्शकों को पसंद आया, तो ये भारतीय सिनेमा में कुछ नया करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। इसी विश्वास के साथ फिल्म पर काम जारी रखा गया।
बातचीत के दौरान रणवीर ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव को भी याद किया। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा आया था जब उनकी कई फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं मिल रही थी। ऐसे समय में उन्हें जिस तरह का भरोसा और प्रोत्साहन मिला, वह उनके लिए बेहद मायने रखता है।
रणवीर ने खास तौर पर अंबानी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। अभिनेता के अनुसार, मुश्किल दौर में भी उन्हें वहां से लगातार प्यार, सहयोग और हौसला मिला। इस बात को याद करते हुए रणवीर भावुक नजर आए। उन्होंने अपने इस रिश्ते को अपने लिए बेहद सम्मान और सौभाग्य से जुड़ा बताया।
‘धुरंधर’ की निर्माता कंपनी से जुड़ी ज्योति देशपांडे ने भी फिल्म के निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, मेकर्स को शुरुआती दौर में ही अंदाजा हो गया था कि प्रोजेक्ट का बजट पहले अनुमान से काफी आगे जाने वाला है।
इसके बावजूद टीम ने पहले पार्ट की सफलता का इंतजार करने के बजाय दोनों फिल्मों को एक साथ तैयार करने का फैसला किया। इसके लिए बड़े स्तर पर निवेश की जरूरत थी, लेकिन मेकर्स ने प्रोजेक्ट की क्षमता पर भरोसा बनाए रखा। दर्शकों की प्रतिक्रिया ने बाद में इस फैसले को सही साबित किया।
साल 2025 में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने भारत में करीब 1056.62 करोड़ रुपये और विदेशों में लगभग 293.03 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 1350.83 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके बाद 19 मार्च 2026 को ‘धुरंधर: द रिवेंज’ सिनेमाघरों में आई। दूसरे पार्ट ने पहले भाग से भी आगे निकलते हुए दुनिया भर में 1852 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। भारत में फिल्म का कलेक्शन करीब 1361 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों से लगभग 475.93 करोड़ रुपये बताया गया।
दोनों फिल्मों की सफलता ने ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल कर दिया। रणवीर के लिए यह सिर्फ एक हिट फ्रेंचाइजी नहीं, बल्कि उस कठिन दौर के बाद मिली बड़ी उपलब्धि भी है, जिसे याद करते हुए अभिनेता खुद भावुक हो गए।