
Tiger Shroff News: बॉलीवुड के फेमस एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर हुए मुंबई के जुहू इलाके में हमले के बाद जहां एक तरफ पूरे फिल्म जगत में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं अभिनेता ने अपने जज्बे और काम के प्रति समर्पण से सबको चौंका दिया है। इस खौफनाक गोलीबारी की घटना से उबरते हुए टाइगर ने बिना वक्त गंवाए एक बड़ा कदम उठाया है। खबर है कि उन्होंने इन तमाम तकलीफों को पीछे छोड़ते हुए काम पर वापसी कर ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के महज दो दिन बाद ही टाइगर अपनी आने वाली मच अवेटेड रोमांटिक-एक्शन फिल्म 'लग जा गले' के सेट पर लौट आए हैं।
बीते रविवाक 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल मैच खेलकर घर लौट रहे टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। इस सनसनीखेज हमले में गनीमत यह रही कि टाइगर मामूली रूप से घायल हुए और बाल-बाल बच गए, हालांकि इस दौरान उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आईं। इस भयानक हादसे से उबरने में जहां किसी को भी वक्त लग सकता था। वहीं, टाइम्स नाउ की खबर के अनुसार, टाइगर ने अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए 20 अक्टूबर से ही करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म 'लग जा गले' की शूटिंग फिर से शुरू कर दी है।
राज मेहता के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग इस साल जनवरी में शुरू हुई थी। शुरुआती योजना के अनुसार इसे अप्रैल तक पूरा किया जाना था, लेकिन अभिनेता लक्ष्य के अलग-अलग प्रोजेक्ट्स (जैसे 'चांद मेरा दिल') और उनके लुक्स में बदलाव के चलते शूटिंग का शेड्यूल अक्टूबर तक खींच गया था। अब टाइगर के सेट पर लौटने के बाद से फिल्म का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस बीच, टाइगर पर हुए हमले को लेकर पुलिस की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा खुलासा सामने आया है। राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किए गए आरोपियों को 16 घंटे लंबे रोड सफर के बाद मुंबई पुलिस अपने साथ ले आई है, और आज (21 अक्टूबर) उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की पूरी उम्मीद है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया है कि उनका असली निशाना अभिनेता सलमान खान थे। लेकिन सलमान खान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर मौजूद भारी-भरकम सुरक्षा और पुलिस के कड़े पहरे के चलते वह वहां अपने नापाक मंसूबों को अंजाम नहीं दे पाए। इसके बाद उन्होंने टाइगर श्रॉफ को अपना निशाना बनाने का फैसला किया, क्योंकि उस समय उनके पास कोई सुरक्षा कवच नहीं था और उन्हें एक 'आसान' टारगेट माना गया था। अब मुंबई पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की हर एक परत को खंगालने में जुटी हुई है।