बूंदी

Bundi Accident: दो बाइकों की टक्कर में 12वीं के छात्र की मौत, तीन बहनों का इकलौता भाई था मृतक

बूंदी जिले में तेज रफ्तार दो बाइकों की टक्कर में 12वीं के छात्र शिवराज यादव की जान चली गई। तीन बहनों के इकलौते भाई शिवराज की मौत से परिवार की रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं उसके साथी का गंभीर हालत में कोटा में इलाज चल रहा है।
2 min read
Aug 29, 2026
Bundi Accident
Bundi Accident: मृतक शिवराज यादव (फाइल फोटो-पत्रिका)

बूंदी। दबलाना थाना क्षेत्र के धाबाइयों का नयागांव इलाके में शुक्रवार रात तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 12वीं कक्षा के छात्र शिवराज यादव (19) पुत्र महावीर यादव की मौत हो गई, जबकि उसका साथी रविंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद रविंद्र को बूंदी से कोटा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

थाना अधिकारी प्रिया व्यास ने बताया कि मृतक के पिता की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे शिवराज और धाबाइयों का नयागांव निवासी रविंद्र यादव बाइक से धनाव से गांव की ओर आ रहे थे। शिवराज बाइक पर पीछे बैठा था। रघुनाथपुरा तिराहे से आगे उढ़ाण नदी के समीप सामने से तेज गति से आई एक बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

गंभीर घायल कोटा रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को उपचार के लिए बूंदी अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवराज को मृत घोषित कर दिया। उसके शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल रविंद्र को प्राथमिक उपचार देने के बाद कोटा रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव

शनिवार को सहायक थाना अधिकारी पप्पूलाल मीणा बूंदी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मोर्चरी में रखे शिवराज के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही, गफलत और तेज गति से बाइक चलाकर टक्कर मारने का मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

तीन बहनों का इकलौता भाई था शिवराज

शिवराज 12वीं कक्षा का विद्यार्थी था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। मिलनसार स्वभाव के शिवराज की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में रक्षाबंधन को लेकर खुशियां थीं, वहां भाई की मौत की खबर से मातम छा गया।

यह वीडियो भी देखें :

पोस्टमार्टम के बाद जब शिवराज का शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तीन बहनों के इकलौते भाई की असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। वहीं हादसे में घायल रविंद्र का कोटा अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Updated on:
29 Aug 2026 10:27 pm
Published on:
29 Aug 2026 10:27 pm