कारोबार

Aadhaar Biometric Update: बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराना है जरूरी, 30 सितंबर तक फ्री है सेवा, जानिए प्रोसेस

UIDAI ने बच्चों के 2 करोड़ से ज्यादा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरे कर लिए हैं। 5 और 15 साल की उम्र पर बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट जरूरी होता है। 5 से 17 साल के बच्चों के लिए MBU 30 सितंबर 2026 तक मुफ्त है।
2 min read
Aug 22, 2026
Aadhaar Update Age 15
बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट जरूरी है। (PC: AI)

Aadhaar Update for Children: अगर आपके बच्चे की उम्र 5 साल या 15 साल हो चुकी है, तो आधार से जुड़ा एक जरूरी काम बाकी हो सकता है। UIDAI ने बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट यानी MBU को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। देशभर में अब तक 2 करोड़ से ज्यादा बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट पूरा किया जा चुका है। सबसे अच्छी बात यह है कि फिलहाल 5 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए यह अपडेट 30 सितंबर 2026 तक मुफ्त है। ऐसे में अगर आपके बच्चे का MBU बाकी है, तो इसे टालने की बजाय समय रहते पूरा करा लेना बेहतर है।

क्या होता है Mandatory Biometric Update?

जब बच्चा 5 साल से कम उम्र का होता है, तब आधार बनाते समय मुख्य रूप से उसकी जनसांख्यिकीय जानकारी और फोटो ली जाती है। इस उम्र में आमतौर पर बच्चे के फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतली यानी आइरिस की जानकारी दर्ज नहीं की जाती। बच्चे की उम्र बढ़ने के साथ उसके बायोमेट्रिक डेटा को आधार रिकॉर्ड में जोड़ना और अपडेट करना जरूरी होता है। इसे अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट या MBU कहा जाता है। बच्चे का बायोमेट्रिक अपडेट दो चरणों में होता है। पहला MBU बच्चे के 5 साल के होने के बाद होता है। वहीं, दूसरा MBU बच्चे के 15 साल के होने के बाद होता है। इस प्रक्रिया में बच्चे के फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो को आधार रिकॉर्ड में अपडेट किया जाता है।

आधार बायोमेट्रिक अपडेट क्यों जरूरी है?

बच्चों के बायोमेट्रिक डेटा को समय पर अपडेट कराने से आगे चलकर आधार से जुड़ी पहचान की पुष्टि में परेशानी कम हो सकती है। बच्चों को पढ़ाई और दूसरी जरूरी सेवाओं के दौरान कई जगह आधार की जरूरत पड़ सकती है। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में, स्कॉलरशिप और शिक्षा से जुड़ी सेवाओं में, NEET, JEE और CUET जैसी परीक्षाओं में KYC समेत अन्य आधार आधारित सेवाओं में इसकी जरूरत पड़ सकती है। अगर आधार में पुराना बायोमेट्रिक डेटा है, तो कुछ मामलों में ऑथेंटिकेशन के दौरान दिक्कत आ सकती है।

बच्चे का Aadhaar Biometric Update कैसे कराएं?

यह काम ऑनलाइन पूरा नहीं किया जा सकता। बच्चे का बायोमेट्रिक डेटा अपडेट कराने के लिए उसे खुद आधार नामांकन केंद्र ले जाना होगा।

स्टेप 1. सबसे पहले नजदीकी आधार केंद्र खोजें

आप भुवन आधार पोर्टल के जरिए अपने नजदीक के आधार नामांकन केंद्र का पता लगा सकते हैं।

स्टेप 2. बच्चे को अपने साथ लेकर जाएं

बच्चे की मौजूदगी जरूरी है, क्योंकि सेंटर पर उसके फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो लिए जाएंगे।

स्टेप 3. बच्चे का आधार नंबर साथ रखें

MBU की प्रक्रिया के लिए बच्चे का आधार नंबर साथ ले जाना चाहिए। इससे अपडेट की प्रक्रिया पूरी करने में मदद मिलेगी।

स्टेप 4. बायोमेट्रिक अपडेट कराएं

आधार केंद्र पर बच्चे के फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो कैप्चर किए जाएंगे। इसके बाद ये जानकारी आधार रिकॉर्ड में अपडेट की जाएगी।

स्टेप 5. रसीद संभालकर रखें

अपडेट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको एक acknowledgement slip दी जाएगी। इसमें अपडेट रिक्वेस्ट नंबर यानी URN दर्ज होता है। इसे संभालकर रखना जरूरी है।

स्टेप 6. अपडेट का स्टेटस चेक करें

URN की मदद से UIDAI की वेबसाइट पर अपने बच्चे के आधार अपडेट का स्टेटस चेक किया जा सकता है। आमतौर पर अपडेट कुछ हफ्तों में आधार रिकॉर्ड में दिखाई देने लगता है।

Updated on:
22 Aug 2026 03:05 pm
Published on:
22 Aug 2026 03:05 pm