
MacBook Air Price: अगर आप इन दिनों नया MacBook Air लैपटॉप खरीदने की सोच रहे हैं तो थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। दुनियाभर में चल रही मेमोरी चिप की कमी अब एपल के सबसे ज्यादा बिकने वाले लैपटॉप तक पहुंच गई है। हालात ऐसे हैं कि कई रिटेल स्टोर्स में मैकबुक एयर का स्टॉक तेजी से घट रहा है और नई यूनिट्स की सप्लाई पहले के मुकाबले ज्यादा सीमित हो गई है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एपल इस समय मैकबुक एयर की मांग पूरी करने में मुश्किल महसूस कर रहा है।
कुछ ही हफ्ते पहले एपल ने मेमोरी चिप संकट का हवाला देते हुए मैकबुक और iPad की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। भारत में M5 चिप वाले मैकबुक एयर की शुरुआती कीमत करीब 1,20,900 रुपये से बढ़कर 1,49,900 रुपये हो गई। यानी कीमत में लगभग 24 फीसदी का इजाफा हुआ। वहीं, अमेरिका में भी इसकी शुरुआती कीमत में 200 डॉलर की बढ़ोतरी की गई और बेस मॉडल की कीमत 1,299 डॉलर कर दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, एपल चीन में बिकने वाले डिवाइसेस के लिए लोकल मेमोरी सप्लायर्स से चिप लेने की संभावना तलाश रहा है, ताकि सप्लाई का दबाव कुछ कम किया जा सके। साथ ही कंपनी फिलहाल 14 इंच के MacBook Pro की बिक्री पर ज्यादा ध्यान दे रही है। माना जा रहा है कि इससे भविष्य में आने वाले M6 MacBook Pro के लिए रास्ता तैयार होगा। हालांकि, मैकबुक एयर का नया मॉडल जल्द आने की संभावना नहीं है, क्योंकि इसी साल मार्च में इसे M5 चिप के साथ अपडेट किया गया था।
मेमोरी चिप की कमी का असर एपल के मार्केटिंग प्लान पर भी दिखाई देने लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, जून में शुरू होने वाला कंपनी का Back to School ऑफर भी इसी वजह से देर से लॉन्च हुआ। इतना ही नहीं, एपल अपनी वेबसाइट और रिटेल स्टोर्स पर ग्राहकों को मैकबुक एयर की बजाय मैकबुक प्रो खरीदने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। कुछ मार्केटिंग मैटेरियल में कंपनी ने "MacBook Air subject to availability" यानी "उपलब्धता के आधार पर" जैसी चेतावनी भी जोड़नी शुरू कर दी है। इससे पता चलता है कि सप्लाई अभी सामान्य नहीं हुई है।
रिपोर्ट में एपल की एक और बड़ी योजना का भी खुलासा हुआ है। कंपनी अपने आने वाले स्मार्ट ग्लास और हेडसेट को सिर्फ एआई डिवाइस नहीं, बल्कि हेल्थ और फिटनेस प्रोडक्ट के रूप में भी डेवलप करना चाहती है। अब एपल अपने आने वाले स्मार्ट ग्लास में ऐसे सेंसर लगाने पर काम कर रहा है जो यूजर की एक्टिविटीज और स्वास्थ्य से जुड़ा डेटा रिकॉर्ड कर सकें।