
एलन मस्क की नेटवर्थ करीब आधी रह गई है। (PC: AI)
Elon Musk: कुछ ही सप्ताह पहले दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने वाले एलन मस्क की संपत्ति में अब बड़ी गिरावट आ गई है। उनकी नेटवर्थ करीब आधी रह गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह SpaceX के शेयरों में आई भारी गिरावट और Tesla के कमजोर प्रदर्शन को माना जा रहा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, 16 जून को एलन मस्क की कुल संपत्ति करीब 1.33 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। उस समय स्पेसएक्स का शेयर करीब 202 डॉलर के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ था। लेकिन अब उनकी नेटवर्थ घटकर करीब 684 अरब डॉलर रह गई है। यानी कुछ ही समय में उनकी संपत्ति 600 अरब डॉलर से ज्यादा कम हो गई है।
SpaceX ने इतिहास का सबसे बड़ा IPO लाकर 75 अरब डॉलर जुटाए थे। कंपनी का इश्यू प्राइस 135 डॉलर प्रति शेयर था, जबकि लिस्टिंग 150 डॉलर पर हुई थी। शुरुआती तीन कारोबारी सत्रों में शेयर 50% से ज्यादा चढ़ गया था। हालांकि, तेजी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी। अब स्पेसएक्स का शेयर अपने उच्चतम स्तर से करीब 46% टूटकर 108.37 डॉलर पर आ गया है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में शेयर पर और दबाव बन सकता है। इसकी वजह IPO लॉक-इन अवधि का खत्म होना है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस महीने करीब 91.15 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। इससे बाजार में शेयरों की सप्लाई बढ़ सकती है और कीमतों पर दबाव आ सकता है।
एलन मस्क की संपत्ति में गिरावट सिर्फ स्पेसएक्स तक सीमित नहीं है। उनकी इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला का शेयर भी 22 जुलाई को दूसरी तिमाही के नतीजे आने के बाद करीब 17% टूट चुका है। कंपनी दो साल से ज्यादा समय में पहली बार मुनाफे के अनुमान पर खरी नहीं उतर सकी। साथ ही टेस्ला ने निगेटिव फ्री कैश फ्लो की भी जानकारी दी। कंपनी का कहना है कि AI और रोबोटिक्स पर भारी निवेश के कारण उसका खर्च तेजी से बढ़ा है।
एलन मस्क इस साल 25 अरब डॉलर से ज्यादा निवेश करने की योजना बना रहे हैं। यह पिछले साल के मुकाबले लगभग तीन गुना है। मस्क का फोकस अब पारंपरिक ऑटो बिजनेस से आगे बढ़कर AI आधारित सेल्फ-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी, रोबोटैक्सी और ह्यूमनॉइड रोबोट पर है। उनका मानना है कि भविष्य में यही कारोबार टेस्ला की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। कंपनी के अनुसार, AI पर बढ़ते खर्च, कारों की औसत बिक्री कीमत में कमी और रेगुलेटरी क्रेडिट से कम आय की वजह से मुनाफे पर असर पड़ा है। हालांकि वाहन डिलीवरी में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
Updated on:
01 Aug 2026 05:34 pm
Published on:
01 Aug 2026 05:34 pm
