
Divi's Labs के मुनाफे में बढ़ोतरी हुई है। (PC: AI)
Divi's Labs Share Price: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी Divi's Laboratories ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अच्छे नतीजे पेश किए हैं। अप्रैल से जून 2026 के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 65.5% बढ़कर 902 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 545 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। कंपनी के रेवेन्यू में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 28% बढ़कर 3,080 करोड़ रुपये हो गया। जबकि एक साल पहले यह 2,410 करोड़ रुपये था।
जून 2026 में खत्म हुई तिमाही में कंपनी का कुल खर्च भी बढ़ा। पहली तिमाही में खर्च 9% से अधिक बढ़कर 1,964 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) भी मजबूत रहा। यह बढ़कर 1,180 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में PBT 733 करोड़ रुपये था। हालांकि, विदेशी मुद्रा विनिमय (फॉरेक्स) से इस बार कंपनी को 7 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 39 करोड़ रुपये का फॉरेक्स गेन मिला था।
तिमाही नतीजों के साथ कंपनी ने यह भी बताया कि उसके निदेशक मंडल ने बी. वरा प्रसाद और जे. श्रीनिवास राव को सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल में नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति 1 अगस्त से प्रभावी हो गई है।
तिमाही नतीजों से पहले शुक्रवार को कंपनी का शेयर 2.82% की बढ़त के साथ 8,056 रुपये पर बंद हुआ था। बीते एक सप्ताह में इस शेयर ने 11.5% का रिटर्न दिया है। एक महीने में इसने 23% रिटर्न दिया है। वर्ष 2026 में अब तक 27% से ज्यादा रिटर्न दिया है। लंबी अवधि में भी इस शेयर ने अच्छा रिटर्न दिया है। इस शेयर ने 1 साल में 23%, 3 साल में 119% और 5 साल में 65% रिटर्न दिया है। फिलहाल कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 2.15 लाख करोड़ रुपये है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
01 Aug 2026 03:31 pm
Published on:
01 Aug 2026 03:31 pm
