
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को 5 साल के लिए आगे बढ़ाया। (फाइल फोटो:पत्रिका)
PM Kisan Yojana: किसानों को राहत देते हुए केंद्र सरकार ने पीएम किसान योजना पर नया अपडेट दिया है। सरकार ने इसे अगले पांच साल (2026-27 से 2030-31 तक) तक जारी रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही किसानों को PM-किसान की 23 वीं किस्त के बाद अब 24 वीं किस्त का इंतजार है। इसके अक्टूबर 2026 में जारी होने की संभावना है। हालांकि, सरकार ने अभी कोई पक्की तारीख तय नहीं की है। लेकिन नई किस्त का पैसा खाते में आए, इससे पहले किसानों को कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी, वरना 2,000 रुपये की राशि अटक सकती है।
योजना के असर पर हुए अध्ययनों में सामने आया है कि 85 प्रतिशत किसानों की उधारी पर निर्भरता घटी है। साथ ही 92 प्रतिशत से अधिक किसानों ने यह राशि खेती में निवेश के लिए इस्तेमाल की। महिला किसानों को अब तक 1.06 लाख करोड़ रुपये मिल चुके हैं, यानी हर चार लाभार्थियों में से एक महिला है। 2020-21 से 2025-26 के बीच खेती के रकबे में करीब 9.65 प्रतिशत, उत्पादकता में 10.53 प्रतिशत और कुल अनाज उत्पादन में 21.18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो योजना के व्यापक असर को दिखाता है।
24वीं किस्त का लाभ बिना किसी रुकावट के पाने के लिए किसान सबसे पहले अपना e-KYC पूरा कर लें। इसके बाद PM Kisan पोर्टल या मोबाइल ऐप पर जाकर Beneficiary Status जरूर जांचें। इसके बाद यह सुनिश्चित करें कि आधार नंबर सही हो और वह बैंक खाते से लिंक हो। किसान अपनी पात्रता (Eligibility) भी जांच लें। इसके अलावा, आधार से लिंक मोबाइल नंबर अपडेट रखें।
इसके अलावा अगर एक ही परिवार के दो या अधिक सदस्य योजना का लाभ ले रहे हैं, जैसे पति-पत्नी दोनों, तो ऐसे मामलों की भी जांच होती है। साथ ही 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदने वाले किसानों के कुछ मामले भी फिजिकल वेरिफिकेशन तक रोके जा सकते हैं।
सरकार ने e-KYC को अनिवार्य इसलिए किया है ताकि योजना का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे किसान के आधार-सीडेड बैंक खाते तक पहुंचे। यह प्रक्रिया डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर यानी DBT सिस्टम के जरिए फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाने में मदद करती है। इसके लिए किसान घर बैठे मोबाइल से भी e-KYC कर सकते हैं। सबसे पहले PM-Kisan मोबाइल ऐप और Aadhaar Face RD ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉग-इन करने के बाद अगर beneficiary status में e-KYC 'No' दिखाता है, तो आधार नंबर डालकर फेस स्कैन के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में पीएम किसान योजना को अगले पांच साल के लिए बढ़ाया गया है। इसके लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह सरकार की किसानों के लिए सबसे अहम योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत अब तक 23 किस्तों के जरिए 4.47 लाख करोड़ रुपये किसानों तक पहुंच चुके हैं, जिसमें 23वीं किस्त में 9.49 करोड़ किसानों को 18,984 करोड़ रुपये मिले थे।
Updated on:
01 Aug 2026 01:44 pm
Published on:
01 Aug 2026 01:44 pm
