कारोबार

Bank Holiday: राखी और बारावफात के चलते इस हफ्ते है कई छुट्टियां, सितंबर में दिख सकता है हड़ताल का असर, जानिए कब-कब बंद रहेंगे बैंक

RBI Bank Holidays List: अगस्त के आखिरी हफ्ते में तीन दिन अलग-अलग राज्यों में त्योहारों के कारण बैंक बंद रहेंगे। वहीं सितंबर में UFBU की हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं लगातार 3 और 5 दिन तक प्रभावित हो सकती हैं।
2 min read
Aug 25, 2026
Bank Strike September 2026
इस हफ्ते कई दिन बैंक बंद रह सकते हैं। (फोटो: AI)

Bank Closed News: बैंक ब्रांच जाने से पहले ग्राहकों को आने वाले दिनों में बैंकों की छुट्टियों की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर में इस हफ्ते तीन क्षेत्रीय छुट्टियों का जिक्र है। इसके चलते आने वाले दिनों में अलग-अलग राज्यों में त्योहारों के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद सितंबर में भी बैंक यूनियनों की हड़ताल से कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई और मोबाइल बैंकिंग जैसी सेवाएं चालू रहेंगी।

26 अगस्त को कई राज्यों में बंद रहेंगे बैंक

26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी के कारण महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तराखंड, तेलंगाना, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे। केरल में इसी दिन तिरुवोणम की छुट्टी भी होगी। मिलाद-उन-नबी को बारावफात के नाम से भी जाना जाता है।

28 अगस्त को रक्षाबंधन की छुट्टी

28 अगस्त को रक्षाबंधन के कारण गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल और हिमाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 30 अगस्त को रविवार होने से बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 29 अगस्त महीने का पांचवां शनिवार है, इसलिए उस दिन बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

आज कई राज्यों में छुट्टी

इसके साथ ही आज 25 अगस्त को फर्स्ट ओणम और मिलाद-उन-नबी के कारण केरल और आंध्र प्रदेश में बैंक बंद हैं। बैंक छुट्टियां राज्य और स्थानीय त्योहारों के हिसाब से अलग-अलग होती हैं। इसलिए एक राज्य में बैंक बंद होने का मतलब यह नहीं है कि पूरे देश में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी।

सितंबर में हड़ताल का भी असर

बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रमुख संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने दो प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। UFBU के कार्यक्रम के अनुसार, 11 सितंबर को देशभर में एक दिन की हड़ताल होगी। इसके साथ शनिवार और रविवार की छुट्टी पड़ने से बैंक लगातार तीन दिन बंद रह सकते हैं। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिन की हड़ताल होगी। शनिवार और रविवार का अवकाश साथ होने से बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकती हैं।

ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू

बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान ग्राहक यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए लेनदेन कर सकेंगे। हालांकि, शाखा में जाकर होने वाले काम छुट्टी या हड़ताल के दिनों में नहीं हो पाएंगे।

Updated on:
25 Aug 2026 11:42 am
Published on:
25 Aug 2026 11:42 am