कारोबार

दावोस में अश्विनी वैष्णव: भारत की विकास रफ्तार सबसे तेज़, जल्द आएंगे स्वदेशी मोबाइल ब्रांड

दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ आर्थिक विकास दर वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। जानें, अगले 18 महीनों में आने वाले स्वदेशी मोबाइल ब्रांड, सेमीकंडक्टर उत्पादन और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में भारत की बड़ी छलांग के बारे में पूरी जानकारी।

less than 1 minute read
Jan 23, 2026
Ashwini Vaishnaw
विश्व आर्थिक मंच के दावोस सम्मेलन में केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव (Photo/WEF)

केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत आज भी विश्व की सबसे तेज़ गति से सुधार करने वाली अर्थव्यवस्था है और आने वाले वर्षों में यह गति बनी रहेगी। वैश्विक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच भारत ने स्वयं को एक विश्वसनीय और लचीली अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया है। विश्व आर्थिक मंच के दावोस सम्मेलन में एक न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में वैष्णव ने कहा कि अब भारत के अपने मजबूत मोबाइल ब्रांड सामने आने का समय आ गया है।

अगले एक वर्ष से 18 महीनों के भीतर भारतीय मोबाइल ब्रांड बाजार में दिखाई देंगे। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्षेत्र में लगभग 25 लाख लोगों को रोजगार मिला है और यह क्षेत्र 47 अरब डॉलर के निर्यात के साथ देश का तीसरा सबसे बड़ा निर्यात क्षेत्र बन चुका है। सेमी कंडक्टर क्षेत्र में भी भारत निर्णायक चरण में पहुंच गया है। वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर के चार संयंत्रों में से एक में परीक्षण उत्पादन शुरू हो चुका है और फरवरी के तीसरे सप्ताह से वाणिज्यिक उत्पादन आरंभ होने की संभावना है।

वैश्विक कंपनियां कर रहीं भारत में निवेश

वैष्णव ने कहा कि श्रम संहिताओं में बदलाव, वस्तु एवं सेवा कर को सरल बनाना, ऊर्जा क्षेत्र में सुधार और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोलने जैसे कदमों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। कई वैश्विक कंपनियां भारत में अपना निवेश बढ़ा रही हैं। भारत अगले पांच वर्षों तक 6 से 8 प्रतिशत की स्थिर आर्थिक वृद्धि के मार्ग पर है। मध्यम महंगाई और तेज विकास ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है और पूरी दुनिया इस बदलाव को गंभीरता से देख रही है।

Published on:
23 Jan 2026 02:55 am