कारोबार

Gold Loan देने वाली कंपनियों के शेयरों में आई 6% तक की तेजी, जानिए क्या है वजह?

Gold Loan Stocks: MCX पर सोना 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है। इसके बाद Muthoot Finance, Manappuram Finance और IIFL Finance के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली।
2 min read
Aug 21, 2026
IIFL Finance Share Price
Gold Loan देने वाली कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है। (फोटो: AI)

Manappuram Finance Share Price: सोने की कीमतों में तेजी का असर अब गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के शेयरों पर भी दिखने लगा है। MCX पर अक्टूबर एक्सपायरी वाला सोना 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है। इसके बाद मुथूट फाइनेंस, मणप्पुरम फाइनेंस और आईआईएफएल फाइनेंस के शेयरों में शुक्रवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली। पिछले दो कारोबारी सत्रों में इन तीनों शेयरों ने 5 से 7 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की है।

IIFL Finance 6% उछला

शुक्रवार को NSE पर 12 बजकर 10 मिनट पर आईआईएफएल फाइनेंस (IIFL Finance Share Price) के शेयर 6 फीसदी से ज्यादा उछल गए। इसके अलावा मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance Share Price) का शेयर करीब 3 फीसदी चढ़कर 3,047 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, मणप्पुरम फाइनेंस (Manappuram Finance Share Price) के शेयर में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई। ये तीनों कंपनियां सोना गिरवी रखकर लोन देती हैं।

Source: NSE (IIFL Finance Share Price at 12.10 PM)

गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों को कैसे मिलेगा फायदा?

गोल्ड को गिरवी रखकर लोन लेने वाले ग्राहकों को सोने के दाम बढ़ने से फायदा मिलता है। दरअसल, सोने की कीमत बढ़ने पर गिरवी रखे गए सोने की कीमत भी बढ़ जाती है। गोल्ड लोन आमतौर पर सोने की प्रति ग्राम कीमत के आधार पर दिया जाता है। ऐसे में सोने का भाव बढ़ने पर ग्राहक ज्यादा रकम का लोन लेने के लिए पहले के मुकाबले कम ज्वेलरी गिरवी रख सकते हैं। इससे गोल्ड लोन लेना ग्राहकों के लिए ज्यादा आकर्षक हो सकता है।

आखिर सोने में इतनी तेजी क्यों आई?

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने इस सप्ताह लॉन्ग टर्म के सरकारी नोट्स और बॉन्ड्स को वापस खरीदने की अपनी योजना का आकार दोगुना करने का ऐलान किया। इस कदम का मकसद बाजार में नकदी बढ़ाना और वित्तीय बाजारों को सहारा देना है। इसके बाद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और डॉलर पर दबाव आया, जिससे डॉलर में खरीदा जाने वाला सोना दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सस्ता हुआ। इससे मांग बढ़ी और सोने की कीमतों को तेजी मिली।

एक्सपर्ट का क्या कहना है?

Globe Capital Market के एक्सपर्ट विपिन कुमार का मानना है कि मुथूट फाइनेंस, मणप्पुरम फाइनेंस और IIFL Finance के शेयरों का चार्ट अभी मजबूत नजर आ रहा है। मणप्पुरम और IIFL Finance अपने अहम शॉर्ट और लॉन्ग टर्म एवरेज से ऊपर बने हुए हैं, जो शेयरों में मजबूती का संकेत है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
21 Aug 2026 01:22 pm
Published on:
21 Aug 2026 01:21 pm