
Gold Rate Today: सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार, 17 अगस्त को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। गुड रिटर्न्स के अनुसार, सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का हाजिर भाव 530 रुपये की बढ़त के साथ 1,55,810 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। 22 कैरेट गोल्ड का रेट इस समय 500 रुपये बढ़कर 1,42,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 410 रुपये की बढ़त के साथ 1,16,910 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। इसके अलावा, चांदी का हाजिर भाव 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर दिखाई दिया।
एमसीएक्स एक्सचेंज की बात करें, तो दोनों कीमती धातुओं के भाव करीब 1% की बढ़त के साथ ट्रेड करते दिखे। शुरुआती कारोबार में सुबह 10 बजे एमसीएक्स एक्सचेंज पर 5 अक्टूबर की डिलीवरी वाले गोल्ड का रेट 1,54,911 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, 4 सितंबर की डिलीवरी वाली चांदी का भाव 2,37,099 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।
कमजोर अमेरिकी डॉलर और सितंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदों ने सोने को सपोर्ट दिया है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत अटकने तथा होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बनी अनिश्चितता ने तेजी पर कुछ लगाम लगाई।
सोने की तेजी के बीच कच्चे तेल का बढ़ता भाव बाजार के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड करीब 1% बढ़कर 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है। तेल महंगा होने से आने वाले समय में महंगाई पर दबाव बने रहने की आशंका बढ़ गई है। अमेरिकी फेड का महंगाई दर के लिए टार्गेट 2% है। ऐसे में अगर महंगाई लंबे समय तक इस स्तर से ऊपर रहती है तो ब्याज दरों को लेकर फेड के फैसले पर इसका असर पड़ सकता है।
उधर, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान का रुख भी बाजार के लिए अहम है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा है कि होर्मुज ईरान का था, है और रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसे बंद करने या खोलने का फैसला ईरान के कंट्रोल में होगा।
मास्टर कैपिटल सर्विसेज के चीफ रिसर्च ऑफिसर रवि सिंह के मुताबिक, अगर सोना 1,54,500 रुपये के ऊपर मजबूती से टिकता है, तो इसमें आगे तेजी का रास्ता खुल सकता है। ऐसी स्थिति में भाव 1,58,000 रुपये तक पहुंच सकता है। नीचे की तरफ 1,51,000 रुपये अहम सपोर्ट माना जा रहा है। जब तक सोना इस स्तर के ऊपर बना रहता है, गिरावट में खरीदारी की रणनीति पर बाजार की नजर रह सकती है।
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 4,400 और 4,364 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस सपोर्ट लेवल्स हैं। वहीं 4,470 और 4,500 डॉलर रेजिस्टेंस के तौर पर काम कर सकते हैं। चांदी में 63.40 और 62.60 डॉलर सपोर्ट लेवल्स हैं, जबकि 65.80 और 67 डॉलर रेजिस्टेंस के स्तर माने जा रहे हैं। वहीं, एमसीएक्स पर चांदी में 2,34,000 और 2,31,600 रुपये सपोर्ट लेवल्स हैं। जबकि 2,38,000 और 2,41,000 रुपये रेजिस्टेंस रह सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)