कारोबार

Gold Silver Price: सोना 55,000 और चांदी 2,10,000 रुपये टूटी, ETF में भी जबरदस्त गिरावट, क्या करें निवेशक?

Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतें अपने ऑल टाइम हाई से काफी अधिक नीचे ट्रेड कर रही हैं। वहीं, गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में भी भारी गिरावट आई है।
2 min read
Mar 31, 2026
Gold Silver Price Today
सोने-चांदी की कीमत अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे है। (PC: AI)

Gold Silver Price Today: भले ही पिछले कुछ दिनों में सोने की कीमतें ऊपर आई हों, लेकिन अभी भी सोना अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे है। बीते 2 महीने में सोने की कीमतें काफी टूट गई हैं। 29 जनवरी 2026 को सोने ने 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। वहीं, सोमवार को सोना 1,47,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ है। इस तरह 2 महीने में सोने की कीमत 55,534 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गई हैं।

2 महीने में 2,10,000 रुपये टूट गई चांदी

सोने की तरह ही चांदी भी इस समय अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे ट्रेड कर रही है। चांदी की घरेलू वायदा कीमत ने 29 जनवरी 2026 को 4,39,337 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। सोमवार को चांदी का भाव 2,29,033 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ है। इस तरह करीब 2 महीने में चांदी का भाव 2,10,304 रुपये प्रति किलोग्राम टूट चुका है।

हाजिर बाजार में सोने का भाव

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार, घरेलू हाजिर बाजार में 24 कैरेट सोने का रेट 1,46,730 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट सोने का रेट 1,43,210 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 20 कैरेट सोने का रेट 1,30,590 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 18 कैरेट सोने का रेट 1,18,850 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, 14 कैरेट सोने का रेट 94,640 रुपये प्रति 10 ग्राम है।

ETF में भी बड़ी गिरावट

गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में भी इस दौरान बड़ी गिरावट आई है। इससे निवेशकों को काफी नुकसान हुआ है। निप्पॉन इंडिया ईटीएफ गोल्ड BeES 2 मार्च के बाद से करीब 18 फीसदी गिर चुका है। वहीं, निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ करीब 27 फीसदी गिर चुका है।

क्या कह रहे एक्सपर्ट्स?

जिन लोगों ने सोने-चांदी में निवेश किया हुआ है, वे घबराकर कोई फैसला न लें। मिरे एसेट के फंड मैनेजर सिद्धार्थ श्रीवास्तव के अनुसार, मौजूदा स्तर पर थोड़ा-थोड़ा करके सोने और चांदी की खरीदारी की जा सकती है। उनके अनुसार, रिस्क और रिटर्न के हिसाब से चांदी की तुलना में सोना बेहतर दिख रहा है। निवेशकों को एकमुश्त पैसा लगाने से बचना चाहिए।

Updated on:
31 Mar 2026 11:26 am
Published on:
31 Mar 2026 11:26 am