
Hitachi Energy India Q1 Results: हिताची एनर्जी इंडिया के मजबूत तिमाही नतीजों का असर सोमवार को शेयर पर भी दिखाई दिया। कंपनी के शेयर में 10 अगस्त को कारोबार के दौरान 11% से ज्यादा की तेजी आई। इसकी बड़ी वजह जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुने से भी ज्यादा बढ़ना है। मजबूत कमाई के साथ कंपनी की ऑर्डर बुक भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर अच्छी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी ने 294 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया। जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह आंकड़ा 131.6 करोड़ रुपये था।
हिताची एनर्जी इंडिया की परफॉर्मेंस सिर्फ मुनाफे तक सीमित नहीं रही। जून तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 2,493.7 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,478.9 करोड़ रुपये था। कंपनी का ऑपरेशनल एबिटडा भी 399.9 करोड़ रुपये रहा। एबिटडा मार्जिन 16% रहा, जो कंपनी की कमाई और ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार की ओर इशारा करता है।
कंपनी के लिए सबसे बड़ी अच्छी खबरों में से एक ऑर्डर से जुड़ी है। जून तिमाही में हिताची एनर्जी इंडिया को 5,096.5 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले। इसके साथ कंपनी की कुल ऑर्डर बुक रिकॉर्ड 32,222.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। यानी आने वाली तिमाहियों में कंपनी के पास ऑर्डर्स की अच्छी पाइपलाइन मौजूद है। इससे भविष्य की कमाई को लेकर भी उम्मीद मजबूत हुई है।
आने वाले समय में कंपनी को कई उभरते क्षेत्रों से फायदा मिलने की उम्मीद है। इनमें AI डेटा सेंटर, स्मार्ट ग्रिड, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम यानी BESS और इलेक्ट्रिक व्हीकल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रमुख हैं। भारत ने वित्त वर्ष 2036 तक 900 GW गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन क्षमता का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर बिजली से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना होगा। ऐसे में पावर सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के लिए मांग बढ़ने की उम्मीद है।
एनएसई पर कंपनी का शेयर दोपहर 1 बजकर 33 मिनट पर 11.49 फीसदी या 3,745 रुपये की बढ़त के साथ 36,345 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। यह शेयर 10.58 फीसदी या 3450 रुपये बढ़कर 36,050 रुपये पर बंद हुआ है। इस शेयर ने 1 हफ्ते में 12.45 फीसदी, एक महीने में 10.37 फीसदी, इस साल अब तक 94.70 फीसदी, 1 साल में 77.31 फीसदी, 3 साल में 708.86 फीसदी और 5 साल में 1850.83 फीसदी रिटर्न दिया है।
एसबीआई सिक्योरिटीज के टेक्निकल और डेरिवेटिव रिसर्च प्रमुख सुदीप शाह के मुताबिक हिताची एनर्जी इंडिया ने डेली चार्ट पर लोअर-लो और लोअर-हाई का पैटर्न तोड़ दिया है। यह शेयर के शॉर्ट टर्म ट्रेंड में बदलाव का संकेत माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि मूविंग एवरेज का रुख भी अब ऊपर की तरफ हो गया है। RSI भी 60 के स्तर के ऊपर निकल चुका है, जो शेयर में खरीदारी की बढ़ती दिलचस्पी का संकेत है। इसके अलावा ADX इंडिकेटर में +DI ने -DI को पार कर लिया है। इससे भी खरीदारी का दबाव मजबूत होने का संकेत मिलता है। शाह के मुताबिक शेयर अपर बोलिंजर बैंड के ऊपर ट्रेड कर रहा है। अगर शेयर 34,200 से 34,150 रुपये के जोन के ऊपर बना रहता है, तो इसमें आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है।
Angel One के इक्विटी और डेरिवेटिव टेक्निकल एनालिस्ट हितेश राठी का कहना है कि हाल में कुछ मुनाफावसूली के बावजूद हिचाची एनर्जी इंडिया का लंबी अवधि का ट्रेंड अभी भी मजबूत है। उनके मुताबिक 31,200 से 31,000 रुपये का स्तर शेयर के लिए मजबूत सपोर्ट जोन है। यानी इस स्तर के आसपास खरीदारी आने की संभावना बनी हुई है। हालांकि, ऊपर की तरफ 36,900 से 37,000 रुपये का स्तर बड़ी चुनौती हो सकता है। यह शेयर के लिए मजबूत रेजिस्टेंस जोन है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)