कारोबार

Lenskart Share Price 13th August: 273% बढ़ा कंपनी का मुनाफा तो उछल गया शेयर, बनाया नया ऑल टाइम हाई लेवल, जानिए टार्गेट प्राइस

Lenskart Target Price: लेंसकार्ट का शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुआ है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए टार्गेट प्राइस 705 रुपये किया है।
2 min read
Aug 13, 2026
Lenskart Share Price
लेंसकार्ट का शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ है। (PC: AI)

Lenskart के शेयरों ने गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान जोरदार छलांग लगाई। शेयर करीब 7 फीसदी चढ़कर 627 रुपये के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। कंपनी के जून तिमाही के नतीजों ने निवेशकों को उत्साहित किया है। खास बात यह है कि कंपनी का मुनाफा एक साल में करीब चार गुना हो गया है। लेंसकार्ट सोल्यूशंस ने बताया कि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 228 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 61 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। यानी सालाना आधार पर मुनाफे में 273 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। कंपनी की कमाई में यह उछाल खास तौर पर प्रिस्क्रिप्शन चश्मों की मजबूत मांग से आया है।

43 फीसदी बढ़ा कंपनी का रेवेन्यू

लेंसकार्ट का ऑपरेशनल रेवेन्यू जून तिमाही में 43.3 फीसदी बढ़कर 2,714.18 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,894.46 करोड़ रुपये था। कंपनी के भारतीय कारोबार का रेवेन्यू सालाना आधार पर 30.7 फीसदी बढ़कर 1,531 करोड़ रुपये रहा। वहीं, इंटरनेशनल कारोबार से रेवेन्यू 38 फीसदी बढ़कर 1,203 करोड़ रुपये हो गया। यानी भारत के साथ-साथ विदेशों में भी कंपनी का कारोबार रफ्तार पकड़ रहा है।

भारत में 23 फीसदी बढ़ी सेल्स वॉल्यूम

घरेलू बाजार में लेंसकार्ट ने जून तिमाही के दौरान करीब 82 लाख यूनिट बेचीं। यह पिछले साल की तुलना में करीब 23 फीसदी ज्यादा है। इसके साथ ही कंपनी की औसत बिक्री कीमत यानी ASP करीब 6 फीसदी बढ़कर 1,856 रुपये हो गई। कंपनी के मुताबिक, इसकी बड़ी वजह ग्राहकों का प्रीमियम प्रोडक्ट्स की तरफ बढ़ता रुझान है। यह बढ़ोतरी वित्त वर्ष 2026 में देखी गई करीब 6 फीसदी के एवरेज सेलिंग प्राइस ग्रोथ के आसपास ही है। वहीं, इंटरनेशनल कारोबार में लेंसकार्ट की सेल्स वॉल्यूम 37 फीसदी बढ़कर करीब 23 लाख यूनिट हो गई।

तीन महीने में खोले 132 नए स्टोर

लेंसकार्ट लगातार अपने स्टोर नेटवर्क को भी बढ़ा रही है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने कुल 132 नए स्टोर जोड़े। इनमें 116 स्टोर भारत में और 16 स्टोर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में खोले गए। इसके साथ ही कंपनी के कुल स्टोर की संख्या बढ़कर 3,459 हो गई।

मोतीलाल ओसवाल ने बढ़ाया शेयर का टार्गेट प्राइस

जून तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल लेंसकार्ट के शेयर को लेकर बुलिश है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए कंपनी के प्रोडक्ट मार्जिन के अनुमान में करीब 50 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की है। इसका मुख्य कारण कंपनी की इन-हाउस फ्रेम मैन्युफैक्चरिंग में तेजी आना है। मोतीलाल ओसवाल ने लेंसकार्ट के शेयर पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है और शेयर का टार्गेट प्राइस बढ़ाकर 705 रुपये कर दिया है।

1 महीने में दिया 10% रिटर्न

लेंसकार्ट का शेयर गुरुवार को शुरुआती कारोबार में करीब 7 फीसदी बढ़कर 626.95 रुपये पर पहुंच गया था। यह इस शेयर का नया ऑल टाइम हाई लेवल है। हालांकि, बाजार बंद होते-होते शेयर की काफी तेजी चली गई और एनएसई पर यह 1.63 फीसदी की बढ़त के साथ 596 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर ने पिछले 1 महीने में 10.54 फीसदी और इस साल अब तक 35.93 फीसदी रिटर्न दिया है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
13 Aug 2026 04:02 pm
Published on:
13 Aug 2026 04:02 pm