
PM Modi Latest News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है। उन्होंने एक बार फिर लोगों से जरूरत न होने पर सोना खरीदने से परहेज करने की सलाह दी है। साथ ही पीएम ने कहा कि अगर विदेश यात्रा सिर्फ घूमने-फिरने के लिए हो रही है, तो उसे टालना चाहिए। विदेश में शादी करने से भी बचना चाहिए। पीएम ने यह बात मंगलवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक से एक वीडियो संदेश में कही। वे यहां शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
पीएम मोदी इससे पहले भी जनता से सोना न खरीदने की अपील कर चुके हैं। पीएम ने 10 मई को भारत की जनता से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी। उस समय मिडिल ईस्ट में युद्ध और क्रूड ऑयल के ऊंचे दाम के साथ ही भारी मात्रा में सोने के आयात से व्यापार घाटा बढ़ रहा था। साथ ही विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बन रहा था। सरकार ने 13 मई को सोने पर आयात शुल्क भी 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था। सोना न खरीदने की अपील के पीछे सरकार का मकसद विदेशी मुद्रा भंडार को बचाए रखना है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में भारत की अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में युद्ध, संकट, सप्लाई चेन में रुकावट और अनिश्चितता के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश ने 7.8 फीसदी की आर्थिक विकास दर हासिल की है और अब इस रफ्तार को बनाए रखने की जरूरत है। पीएम मोदी ने कहा कि देश में स्वदेशी चीजों को जितना ज्यादा महत्व दिया जाएगा, उतना ही आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा। उनका कहना था कि आज की मेहनत आने वाली पीढ़ी के सपनों को पूरा करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि जब आजादी के 100 साल पूरे होंगे, तब देश की युवा पीढ़ी के सामने एक विकसित भारत खड़ा होना चाहिए।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं देश के भीतर कुछ लोग निराशा के माहौल में रहकर हर तरफ झूठ फैला रहे हैं। उन्होंने इसके लिए 'झूठ की गूंज' शब्द का इस्तेमाल किया। माना जा रहा है कि यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान पर तंज थी। राहुल गांधी का यह अभियान छात्रों से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे विषयों को लेकर चलाया गया था। मोदी ने कहा कि देश ने इन तमाम चुनौतियों को पार करते हुए 7.8 फीसदी की ग्रोथ हासिल की है। अब जरूरत इस रफ्तार को आगे भी बनाए रखने की है।
प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज देश जो मेहनत कर रहा है, उसका फायदा आने वाले समय में युवा पीढ़ी को मिलेगा। उन्होंने देशवासियों से विकास की इस यात्रा में लगातार योगदान देने की अपील की। मोदी ने कहा कि सरकार की नीतियां सही दिशा में हैं और उसकी नीयत साफ है। देश के 140 करोड़ लोगों की सामूहिक ताकत भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है।