कारोबार

Tata Group Shares: Jefferies को ग्रुप के 4 शेयरों में है 30% तक तेजी की उम्मीद, TCS में 23% गिरावट का खतरा

TCS Target Price: ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, टाटा स्टील, इंडियन होटल्स और वोल्टास के शेयरों में तेजी की अच्छी गुंजाइश बतायी है। वहीं, टीसीएस पर अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है।
4 min read
Aug 13, 2026
Tata Stocks to Buy
जेफरीज ने टीसीएस पर अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है। (PC: AI)

Tata Consumer Share Price: टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के फरवरी 2027 में मौजूदा कार्यकाल पूरा होने के बाद अगला कार्यकाल नहीं लेने के फैसले से टाटा ग्रुप के शेयरों को लेकर बाजार में काफी चर्चा है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज का मानना है कि निवेशकों को सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन की वजह से टाटा ग्रुप से दूरी बनाने की जरूरत नहीं है। जेफरीज के मुताबिक, आने वाले समय में कंपनियों का कारोबार, कमाई और बिजनेस की मजबूती शेयरों की दिशा तय करने में ज्यादा अहम भूमिका निभाएगी। ब्रोकरेज ने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, टाटा स्टील, इंडियन होटल्स और वोल्टास को अपनी पसंदीदा कंपनियों में रखा है। वहीं, TCS, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और टाटा पावर पर अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है। इसके अलावा टाइटन और ट्रेंट को होल्ड रेटिंग मिली है।

टाटा कंज्यूमर पर सबसे ज्यादा भरोसा

ब्रोकरेज को टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में सबसे ज्यादा तेजी की गुंजाइश दिखाई दे रही है। ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट प्राइस 1,450 रुपये रखा है, जो मौजूदा स्तर से 30 फीसदी से ज्यादा संभावित बढ़त का संकेत देता है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के नए कारोबार तेजी से बढ़ रहे हैं। टाटा संपन्न, रेडी टू ड्रिंक प्रोडक्ट्स, टाटा सोलफुल, केपिटल फूड्स और ऑर्गेनिक इंडिया जैसे कारोबार वित्त वर्ष 2026 में कंपनी के कुल रेवेन्यू में 35 फीसदी से ज्यादा योगदान दे रहे थे। वित्त वर्ष 2020 में इन कारोबारों का योगदान केवल मिड-सिंगल डिजिट में था। कंपनी का टार्गेट इस पोर्टफोलियो में 30 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि हासिल करना है। जेफरीज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच कंपनी का एबिटडा सालाना करीब 14 फीसदी की दर से बढ़ सकता है।

टाटा स्टील में 29 फीसदी की तेजी की उम्मीद

टाटा स्टील जेफरीज की दूसरी बड़ी पसंद है। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट 240 रुपये रखा है। इसके हिसाब से शेयर में करीब 29 फीसदी की संभावित तेजी देखी जा रही है। जेफरीज का मानना है कि भारत में स्टील की कीमतों में सुधार और एशिया में कन्वर्जन स्प्रेड बढ़ने से कंपनी को फायदा मिल सकता है। साथ ही, टाटा स्टील के कारोबार में भारत की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की कुल बिक्री में भारत की हिस्सेदारी करीब 70 फीसदी पहुंच गई, जो वित्त वर्ष 2015 में 33 फीसदी थी। जेफरीज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2029 तक यह हिस्सेदारी 73 फीसदी हो सकती है। हालांकि, ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 के बाद वॉल्यूम ग्रोथ धीमी पड़ने की संभावना भी जताई है।

इंडियन होटल्स पर भी दांव

जेफरीज ने इंडियन होटल्स के शेयर के लिए 875 रुपये का टारगेट दिया है। यह करीब 21 फीसदी तेजी की संभावना दिखाता है। ब्रोकरेज के मुताबिक, घरेलू पर्यटन में बढ़ोतरी, मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट के जरिए होटल्स का तेजी से विस्तार और नए कारोबार कंपनी की कमाई को आगे बढ़ा सकते हैं। जेफरीज को वित्त वर्ष 2029 तक एबिटडा में करीब 15 फीसदी सालाना ग्रोथ की उम्मीद है। इंडियन होटल्स ने वित्त वर्ष 2030 तक 700 से ज्यादा होटल्स का टार्गेट रखा है।

वोल्टास को भी जेफरीज ने किया पसंद

ब्रोकरज का चौथा पसंदीदा शेयर वोल्टास है। जेफरीज ने इसके लिए टारगेट प्राइस 1,530 रुपये रखा है। मार्च में भारत के रूम एयर कंडीशनर बाजार में वोल्टास की हिस्सेदारी करीब 17 फीसदी थी। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने 10 लाख से ज्यादा AC यूनिट बेची हैं। ब्रोकरेज को वित्त वर्ष 2027 से 2029 के बीच वोल्टास की बिक्री में करीब 15 फीसदी सालाना और मुनाफे में करीब 21 फीसदी सालाना वृद्धि की उम्मीद है।

TCS पर सबसे बड़ी चिंता

ब्रोकरेज फर्म की सबसे बड़ी चिंता TCS को लेकर है। ब्रोकरेज ने शेयर पर अंडरपरफॉर्म रेटिंग बरकरार रखते हुए 1,800 रुपये का टारगेट दिया है। इसके मुताबिक शेयर में करीब 23 फीसदी गिरावट की आशंका है। जेफरीज का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता इस्तेमाल एप्लिकेशन मैनेज्ड सर्विसेज और बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग जैसे कारोबार पर दबाव डाल सकता है। कंपनी की ऑर्डर बुक में खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। साथ ही, कर्मचारियों की संख्या में सालाना आधार पर करीब 3 फीसदी की गिरावट आई है। ऐसे में आने वाले वर्षों की ग्रोथ को लेकर तस्वीर बहुत मजबूत नहीं दिख रही।

टाटा मोटर्स PV में भी दबाव

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स पर भी जेफरीज की राय सावधानी वाली है। ब्रोकरेज ने 300 रुपये के टारगेट के साथ अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है। यानी करीब 12 फीसदी गिरावट का जोखिम बताया गया है। कंपनी के सामने बढ़ती प्रतिस्पर्धा, डिस्काउंट, वारंटी खर्च और जगुवार लेंड रोवर के पुराने होते मॉडल जैसी चुनौतियां हैं।

टाटा पावर पर भी सतर्क रुख

टाटा पावर पर भी जेफरीज ने अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है। इसका टारगेट 355 रुपये रखा गया है। ब्रोकरेज की चिंता प्रोजेक्ट पूरा होने में देरी और मुंद्रा पावर प्लांट से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2030 तक रेवेन्यू 1.6 गुना और एबिटडा तथा मुनाफा 1.9 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। लेकिन इन लक्ष्यों को हासिल करने के रास्ते में प्रोजेक्ट से जुड़े जोखिम बने हुए हैं।

टाइटन और ट्रेंट पर Hold रेटिंग

टाइटन और ट्रेंट को जेफरीज ने होल्ड रेटिंग दी है। टाइटन के मामले में ब्रोकरेज को वित्त वर्ष 2029 तक रेवेन्यू में 16 फीसदी और एबिटडा तथा मुनाफे में करीब 21 फीसदी सालाना वृद्धि की उम्मीद है। लेकिन शेयर का मौजूदा वैल्यूएशन काफी महंगा होने के कारण तेजी की गुंजाइश सीमित बताई गई है। दूसरी ओर, ट्रेंट की ग्रोथ ऊंचे बेस, मांग में नरमी और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच कुछ धीमी हुई है। जेफरीज को फिलहाल इसमें तेजी लौटने के स्पष्ट संकेत का इंतजार है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
13 Aug 2026 02:59 pm
Published on:
13 Aug 2026 02:56 pm