कारोबार

Wealth Creation Journey: 10 लाख के पैकेज से 3.4 करोड़ रुपये सालाना इनकम तक का सफर, जानिए कैसे इस इंजीनियर ने बनाई 7.5 करोड़ की नेटवर्थ

Career Growth Tips: एक 37 वर्षीय भारतीय प्रोफेशनल ने बताया कि कैसे 34 साल की उम्र में करीब 1 करोड़ रुपये की नेटवर्थ से वह तीन साल में लगभग 7.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इंजीनियरिंग और MBA के बाद उसकी करियर ग्रोथ तेज हुई।
4 min read
Aug 14, 2026
Wealth Creation Journey
रेडिट पर एक प्रोफेशनल ने अपनी वेल्थ क्रिएशन जर्नी शेयर की है। (PC: AI)

Financial Freedom: करियर में एक मोड़ आपकी वित्तीय स्थिति को पूरी तरह बदल सकता है। एक 37 वर्षीय भारतीय प्रोफेशनल की कहानी इसका उदाहरण है। उसने बताया कि 34 साल की उम्र में उसकी करीब 1 करोड़ रुपये की नेटवर्थ थी, लेकिन अगले तीन साल में यह बढ़कर लगभग 7.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस तेज ग्रोथ में उसकी नौकरी से कमाई का बड़ा रोल रहा। खासकर मिडिल ईस्ट में मैनेजमेंट कंसल्टिंग की नौकरी मिलने के बाद उसकी सालाना कमाई करीब 3.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। खास बात यह थी कि यह कमाई टैक्स-फ्री थी।

इस व्यक्ति ने अपनी पूरी कहानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक पोस्ट के जरिए शेयर की है। पोस्ट का शीर्षक था, '34 की उम्र में 1 करोड़ से 37 की उम्र में 7.5 करोड़ तक : मेरी मिडिल ईस्ट कंसल्टिंग जर्नी'। इस यूजर ने अपनी पोस्ट में अपनी पढ़ाई, करियर की शुरुआत, सैलरी में बढ़ोतरी और निवेश से लेकर अब तक की संपत्ति के बारे में जानकारी दी है।

10 लाख रुपये के पैकेज से शुरू हुआ करियर

इस प्रोफेशनल ने बताया कि इंजीनियरिंग के बाद उसने 22 साल की उम्र में ग्रेजुएट ट्रेनी के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। उस समय उसकी सालाना सैलरी करीब 10 लाख रुपये थी। इसके बाद इसने MBA किया और 26 साल की उम्र में मैनेजमेंट कंसल्टिंग की दुनिया में कदम रखा। उस समय उसकी सालाना सैलरी करीब 25 लाख रुपये थी।

PC: reddit

करियर की रफ्तार यहीं नहीं रुकी। 29 साल की उम्र में उसने नौकरी बदली और उसका सालाना पैकेज बढ़कर करीब 40 लाख रुपये हो गया। अगले पांच साल में उसकी कमाई लगातार बढ़ती गई और करीब 65 लाख रुपये सालाना तक पहुंच गई। इसी दौरान उसने EPF, गोल्ड, इक्विटी और रियल एस्टेट जैसे अलग-अलग एसेट में निवेश किया। 34 साल की उम्र तक उसकी नेटवर्थ करीब 1 करोड़ रुपये हो चुकी थी।

34 की उम्र में आया बड़ा टर्निंग पॉइंट

इस व्यक्ति की वेल्थ क्रिएशन जर्नी में सबसे बड़ा बदलाव 34 साल की उम्र में आया। इस उम्र में उसने फिर से मैनेजमेंट कंसल्टिंग का रुख किया, लेकिन इस बार नौकरी के लिए मिडिल ईस्ट चला गया। उसके मुताबिक, वहां पहुंचने के बाद उसकी सालाना कमाई करीब 3.5 करोड़ रुपये यानी लगभग 4 लाख डॉलर हो गई। सबसे अहम बात यह थी कि यह कमाई टैक्स-फ्री आधार पर थी। यहीं से उसकी बचत की रफ्तार तेज हो गई। कमाई बढ़ने के साथ खर्च को नियंत्रित रखना और नियमित रूप से पैसा बचाना उसके लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ।

2.5 साल में करीब 6.5 करोड़ रुपये बचाए

37 साल की उम्र में अब वह दावा करता है कि पिछले करीब ढाई साल में उसने लगभग 6.5 करोड़ रुपये की बचत की है। उसके मुताबिक, इस दौरान उसकी कुल नेटवर्थ बढ़कर करीब 7.5 करोड़ रुपये हो गई। यानी 34 साल की उम्र में करीब 1 करोड़ रुपये की नेटवर्थ तीन साल में लगभग साढ़े सात गुना हो गई।

मुंबई में तीन प्रॉपर्टी और 700 ग्राम गोल्ड

इस शख्स ने अपनी मौजूदा संपत्ति का ब्यौरा भी पोस्ट में शेयर किया है। उसके मुताबिक, उसके पास मुंबई में तीन ऐसी प्रॉपर्टी हैं, जिनका पूरा भुगतान हो चुका है। इसके अलावा उसके पास करीब 700 ग्राम सोना है। इसमें फिजिकल गोल्ड के साथ सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड यानी SGB भी शामिल हैं। उसने बताया कि करीब 30 लाख रुपये का निवेश शेयर मार्केट में भी है। अब उसका फोकस अपने इक्विटी पोर्टफोलियो को और बढ़ाने पर है। यानी इस व्यक्ति की संपत्ति सिर्फ एक जगह नहीं है। रियल एस्टेट, गोल्ड और इक्विटी जैसे अलग-अलग एसेट में पैसा लगाया गया है।

हालांकि, यह पूरी तरह इस शख्स की इंडिविजुअल फाइनेंशियल जर्नी है। इसमें उसकी मोटी कमाई, टैक्स व्यवस्था, निवेश और खर्च की आदतों का योगदान रहा है। इसे हर व्यक्ति के लिए हासिल किया जा सकने वाला सामान्य रिटर्न नहीं माना जा सकता।

यूजर्स ने क्या कहा?

इस पोस्ट के सामने आने के बाद रेडिट पर लोगों ने उसकी करियर ग्रोथ और संपत्ति बनाने की रणनीति की तारीफ की। कई यूजर्स ने इसे मेहनत और सही करियर फैसलों का नतीजा बताया। एक यूजर ने लिखा, "थेंक्स फॉर द मोटिवेशन ब्रदर"। एक अन्य यूजर ने उसकी इस जर्नी की तारीफ करते हुए कहा कि यहां तक पहुंचने के लिए उसने निश्चित तौर पर काफी मेहनत की होगी। वहीं, एक यूजर ने मिडिल ईस्ट को लेकर लिखा कि वहां काम करना वेल्थ बनाने के लिहाज से एक तरह का "cheat code" जैसा है।

एक यूजर ने लिखा, "एक बेसिक सवाल- आप टैक्स फ्री इनकम को दुबई से भारत कैसे लाते हैं?" इस सवाल के जवाब में व्यक्ति ने कहा कि यह आसान है। यह एनआरई अकाउंट से हो सकता है।

कमाई बढ़ने के साथ बचत और निवेश पर दिया ध्यान

सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, इस पोस्ट का सबसे बड़ा सबक सिर्फ यह नहीं है कि मिडिल ईस्ट में नौकरी करने से कोई कुछ साल में करोड़पति बन सकता है। असली बात है कमाई बढ़ने के साथ बचत और निवेश पर ध्यान देना। इस व्यक्ति ने करियर के अलग-अलग पड़ाव पर अपनी कमाई बढ़ाई और साथ ही ईपीएफ, गोल्ड, इक्विटी और रियल एस्टेट में निवेश किया। बाद में मोटी सैलरी और टैक्स-फ्री कमाई ने उसकी बचत की रफ्तार और तेज कर दी।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
14 Aug 2026 05:02 pm
Published on:
14 Aug 2026 05:00 pm