चेन्नई

Tamil Nadu Assembly Election 2026: चेन्नई में चुनावी तैयारियां तेज, आचार संहिता लागू

Mar 16, 2026
State Election 2026
State Election 2026 | चुनावी राज्यों में लागू हुई आदर्श आचार संहिता (Image Source: IANS)

तमिलनाडु विधानसभा आम चुनाव 2026 की घोषणा होते ही चेन्नई जिले में चुनावी हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग की अधिसूचना के साथ ही जिले भर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और सभी स्तरों पर तैयारियों का आगाज हो चुका है।

Tamil Nadu Assembly Election 2026: नामांकन दाखिल करने की तिथि 30 मार्च से 6 अप्रेल तक

रविवार को भारतीय चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की गई। चेन्नई जिला चुनाव अधिकारी एवं ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के कमिश्नर जे. कुमारगुरुबरन के नेतृत्व में सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श बैठक रिपन बिल्डिंग सभागार में हुई। अधिसूचना के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की तारीख 30 मार्च से 6 अप्रैल तक निर्धारित की गई है। 7 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अप्रैल रखी गई है। मतदान 23 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी। अधिसूचना जारी होते ही जिले भर में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

चेन्नई में कितने मतदान केंद्र और मतदाता?

चेन्नई जिले के 16 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 28,30,936 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 13,65,763 पुरुष, 14,64,344 महिला और 829 अन्य लिंग के वोटर शामिल हैं। जिले में 4,079 मतदान केंद्र और 6 सहायक केंद्र सहित कुल 4,085 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 978 स्थानों पर स्थित हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनाव अधिकारी, एक सहायक और एक अतिरिक्त सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। करीब 16,500 मतदान केंद्र अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। 375 सेक्टर अधिकारी मतदान मशीनों की तैयारियों और उनके सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

ईवीएम और कंट्रोल यूनिट्स की सुरक्षा के लिए सभी भवनों का चयन कर लिया गया है। जिले में 13,634 ईवीएम और 6,349 कंट्रोल यूनिट्स की जांच कर उनका भंडारण किया गया है। चुनावी निगरानी के लिए 48 फ्लाइंग स्क्वॉयड, 48 स्थायी निगरानी दल और 32 वीडियो निगरानी दल तैनात किए गए हैं। रिपन बिल्डिंग स्थित जिला चुनाव कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित है, जहां से निगरानी दलों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। नागरिक चुनाव संबंधी शिकायतें टोल-फ्री नंबर या 'सी-विजिल' ऐप के जरिए दर्ज करा सकते हैं। शिकायतें मिलने के बाद 100 मिनट के भीतर कार्रवाई की जाएगी।

इस बार उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि 10,000 रुपए तय की गई है। अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को इसमें 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। चुनाव खर्च की सीमा 40 लाख रुपए निर्धारित की गई है। चुनाव संचालन को लेकर सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए चेन्नई प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Tamil Nadu Assembly Election 2026: चेन्नई में चुनावी तैयारियां तेज, आचार संहिता लागू
Updated on:
16 Mar 2026 05:00 pm
Published on:
16 Mar 2026 05:00 pm