छतरपुर

गाइड लाइन दर: जिले में सबसे ज्यादा बागेश्वर धाम गढ़ा और मेडिकल कॉलेज रोड पर 35 प्रतिशत तक उछाल

विकास की रफ्तार और बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने जिले के प्रमुख क्षेत्रों में सरकारी दरों में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है।

2 min read
Mar 26, 2026
पंजीयन कार्यालय

छतरपुर जिले में प्रॉपर्टी की नई गाइडलाइन का खाका तैयार हो चुका है। जिला मूल्यांकन समिति की बैठक के बाद अब यह साफ हो गया है कि नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में जमीन खरीदना काफी महंगा साबित होगा। विकास की रफ्तार और बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने जिले के प्रमुख क्षेत्रों में सरकारी दरों में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है।

हॉटस्पॉट इलाकों में भारी इजाफा

खबर के अनुसार, सबसे अधिक असर गढ़ा (बागेश्वर धाम) और मेडिकल कॉलेज रोड जैसे इलाकों में देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में जमीन की सरकारी कीमतों में 30 से 35 प्रतिशत तक का जबरदस्त उछाल प्रस्तावित किया गया है। रगौली जैसे विकसित होते क्षेत्रों में भी इसी दर से कीमतें बढ़ेंगी, जिससे यहां निवेश करना अब आम आदमी की पहुंच से थोड़ा दूर हो सकता है।

शहर के ये इलाके सबसे महंगे

बढ़ोतरी के बावजूद छतरपुर शहर के पुराने और व्यावसायिक क्षेत्र अभी भी जिले के सबसे महंगे इलाके बने हुए हैं। चौक बाजार और जवाहर रोड क्षेत्र जमीन की दृष्टि से सबसे कीमती माने जा रहे हैं। यहां पहले से ही संपत्तियों के दाम अधिक होने के कारण जिला मूल्यांकन समिति ने नई गाइडलाइन में यहां सीमित बढ़ोतरी की है। वर्तमान में चौक बाजार क्षेत्र में जमीन का मूल्य लगभग 14070 रुपए प्रति वर्ग मीटर और सागर रोड क्षेत्र में 13555 रुपए प्रति वर्ग मीटर निर्धारित है।

राहत- 427 लोकेशन पर कोई बदलाव नहीं

जिले की कुल 1901 लोकेशन्स में से सिर्फ 427 लोकेशन ऐसी हैं जहां पुरानी दरें ही लागू रहेंगी, यानी यहाँ रेट नहीं बढ़ेंगे। बाकी की 1474 जगहों पर औसतन 16 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। यह निर्णय संबंधित क्षेत्रों में पिछले साल हुए विकास और पंजीयन के आंकड़ों को ध्यान में रखकर लिया गया है।

1 अप्रेल से लागू होंगी नई दरें

पंजीयक जीपी सिंह के अनुसार नई गाइडलाइन का प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया गया है। उम्मीद है कि 31 मार्च तक इसकी स्वीकृति मिल जाएगी और 1 अप्रेल 2026 से ये नए रेट प्रभावी हो जाएंगे। बढ़ी हुई स्टाम्प ड्यूटी और महंगी कीमतों से बचने के लिए इन दिनों पंजीयन कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) में भारी भीड़ देखी जा रही है। शनिवार और रविवार को भी कार्यालय खोलकर रजिस्ट्रियां की जा रही हैं ताकि नागरिक पुरानी दरों का लाभ ले सकें।

Updated on:
26 Mar 2026 11:00 am
Published on:
26 Mar 2026 10:59 am
Also Read
View All

अगली खबर