छिंदवाड़ा

मेहंदी से हाथ-पैर पर प्रीति ने लिखा सुसाइड नोट, ताकि कोई मिटा न सके, छिंदवाड़ा की दुखद घटना

Priti Verma Mehndi Suicide Note: शायद प्रीति को आशंका थी कि कागज पर सुसाइड नोट लिखेगी तो ससुरालवाले उसे नष्ट कर देंगे, इसलिए उसने अपने हाथ और पैरों पर मेहंदी लगाकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
2 min read
chhindwara
priti verma wrote suicide note with mehndi before death, प्रीति की जीवित अवस्था की तस्वीर व हाथों-पैरों पर लिखा सुसाइड नोट (Source-patrika)

Chhidwara Priti Verma Mehndi Suicide Note: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। महिला ने मरने से पहले अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से सुसाइड नोट लिखा है, इसमें उसने ससुराल में सालों से मिल रही प्रताड़ना की जो बातें लिखी हैं वो रूह कंपा देने वाली हैं। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के हाथ-पैरों पर लिखे सुसाइड नोट की वीडियोग्राफी भी कराई है।

मेहंदी से हाथ-पैरों पर लिखा सुसाइड नोट

चौरई थाना क्षेत्र में रहने वाली 32 वर्षीय प्रीति वर्मा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। प्रीति ने मरने से पहले अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से सुसाइड नोट लिखा है। मेहंदी से उसने अपने हाथ व पैरों पर ससुराल में दी जा रही प्रताड़ना के बारे में लिखा है। परिजनों ने बताया कि प्रीति की शादी करीब 13 साल पहले लखन वर्मा के साथ हुई थी लेकिन शादी के बाद से ही पति लखन व उसके परिवार वाले प्रीति को प्रताड़ित करते थे।

मरते-मरते भी डर रही थी प्रीति !

मृतका प्रीति के भाई हरिओम जांघेला ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि शायद प्रीति को इस बात का डर था कि उसकी मौत के बाद ससुरालवाले उसका कागज पर लिखा सुसाइड नोट नष्ट कर सकते हैं। इसलिए उसने अपने शरीर पर मेहंदी से ही सुसाइड नोट लिख दिया, जिससे कि उसे मिटाया न जा सके। भाई हरिओम जांघेला ने पति और ससुरालवाले प्रीति को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। उसे मानसिक और शारीरिक दोनों तरीके से प्रताड़ित किया जाता था। प्रीति ने 2-3 बार पुलिस में शिकायत भी की लेकिन हर बार पति लखन वर्मा उसे भरोसे में ले लिया।

मेहंदी से हाथ-पैर पर लिखीं ये बातें..

  • कभी जीवन में जेल से बाहर नहीं आना चाहिए। मुझे मां-बहन की गालियां देते थे।
  • जेठ जेठानी कोई मुझे छूने तक नहीं देते थे। इसकी मां ने बहुत बातें सुनाई हैं।
  • फोन में रिकॉर्डिंग है। पांच लोग हैं। छूने भी नहीं देना।

बयान देने से पहले ही प्रीति की मौत

पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय प्रीति वर्मा को जहर का सेवन करने के बाद परिजन पहले जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पुलिस उसके बयान ले पाती इससे पहले ही शनिवार शाम को इलाज के दौरान प्रीति की मौत हो गई। प्रीति ने अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से सुसाइड नोट लिखा है, जिसकी वीडियो ग्राफी कराई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच शुरु कर दी गई है। मृतका के परिजनों ने भी ससुरालवालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

Updated on:
12 Jul 2026 04:21 pm
Published on:
12 Jul 2026 04:21 pm