चूरू

Churu Crime : बेटी से छेड़छाड़ के लिए आवाज उठाई तो मां पर बरसा कहर, मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की

Churu Crime : राजस्थान के चूरू जिले के एक थाना क्षेत्र में स्कूली छात्राओं से कथित छेड़छाड़ की शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया।
2 min read
Jul 28, 2026
Churu Crime daughter molestation complaint accused and his mother are upset beat up victim
Churu Crime : प्रतीकात्मक फोटो - AI

Churu Crime : राजस्थान के चूरू जिले के एक थाना क्षेत्र में स्कूली छात्राओं से कथित छेड़छाड़ की शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज युवक और उसकी मां ने महिला को बीच रास्ते में रोककर जमकर मारा पीटा और दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बेटी समेत अन्य छात्राओं का करता था पीछा

पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट में बताया कि एक युवक पिछले सात-आठ दिनों से उसकी बेटी और स्कूल की अन्य छात्राओं का पीछा कर उन्हें परेशान कर रहा था। इस पर वह शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची, जहां परिजनों ने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी हरकत नहीं होने का भरोसा दिया।

अगले ही दिन बीच रास्ते रोका

रिपोर्ट के मुताबिक, 23 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे स्कूल की छुट्टी के बाद महिला घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने उसकी स्कूटी रुकवा ली। कुछ ही देर में आरोपी की मां भी मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर दी।

लोग पहुंचे तो भागे, मारने की दी धमकी

महिला के शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने दोबारा पुलिस या किसी अन्य से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मेडिकल में चोटों की पुष्टि, जांच शुरू

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया, जिसमें सिर और गर्दन पर चोटें आने की पुष्टि हुई है। संबंधित थाना पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी मां के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

एक अन्य खबर के अनुसार राजलदेसर के परसनेऊ रेलवे स्टेशन के निकट सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से 68 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार गांव परसनेऊ निवासी भंवरलाल (68 वर्ष) पुत्र पेमाराम जाट सोमवार को घर से खेत जाने के लिए निकले थे। परसनेऊ रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर आगे बीकानेर की ओर अकस्मात बीकानेर-रतनगढ़ सवारी गाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पुत्र मांगीलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से स्वस्थ थे और खेत जाने के लिए घर से निकले थे। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

Updated on:
28 Jul 2026 05:44 pm
Published on:
28 Jul 2026 05:36 pm