
Jaisalmer : पिता जसराज बेटा भरत और बेटी मनीषा (मृत)। फोटो पत्रिका
Jaisalmer Human Angle Story : जैसलमेर के पोकरण में एक हृदयविदारक घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। पड़ोस में जन्मदिन की पार्टी से लौटे दोनों मासूम बच्चों के चेहरों पर खुशियां थीं। घर में किसी आर्थिक तंगी की भी बात नहीं थी। 100 बीघा पुश्तैनी जमीन, फर्नीचर का काम और परिवार की सामान्य जिंदगी के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही देर बाद पति-पत्नी ने अपने दोनों बच्चों के साथ मौत को गले लगा लिया। रामदेवरा क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार रात हुई इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अब तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं कर सकी है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात लोहारकी निवासी जसराज (30 वर्ष) पुत्र जुगताराम सुथार ने अपनी पत्नी निरमा (28 वर्ष), पुत्र भरत (10 वर्ष) और पुत्री मनीषा (5 वर्ष) के साथ घर में बने करीब 18 फीट गहरे पानी से भरे टांके में छलांग लगा दी थी। सबसे अंत में जसराज को टांके की ओर जाते उसके भाई ने दूर से देखा। उसने आवाज लगाई और दौड़कर पहुंचा, लेकिन तब तक चारों पानी में समा चुके थे।
सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चारों को बाहर निकालकर लोहारकी के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। परिजन का कहना है कि जसराज के हिस्से में 100 बीघा पुश्तैनी जमीन थी। आर्थिक संकट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। जसराज की साल 2013 में शादी हुई थी।
मृतक जसराज के दो बड़े भाई हैं। बड़ा भाई घनश्याम उसके घर के पास में ही रहता है। वहीं दूसरा भाई भूरा राम पास ही किसी दूसरे गांव में रहता है। तीनों भाइयों के पास कुल 300 बीघा जमीन है। बारिश के समय सभी भाई फसल बोते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों बच्चे शाम को पड़ोस में आयोजित जन्मदिन समारोह से खुशी-खुशी लौटे थे। ऐसे में पूरे परिवार के इस खौफनाक कदम ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मामले में प्रथम दृष्टया कारण पारिवारिक कलह नजर आ रहा है। कलह किन वजहों को लेकर थी। इसकी जांच की जा रही है।
Updated on:
27 Jul 2026 08:54 pm
Published on:
27 Jul 2026 08:53 pm
