चूरू

Churu News: आपसी झगड़े में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने दर्ज किया मामला

आपसी झगड़े में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, साहवा थाना क्षेत्र के गांव कालवास की घटना।
2 min read
Feb 12, 2026
Feature image
सहवा। मौके पर जुटी भीड़

चूरू। साहवा थाना क्षेत्र के गांव कालवास में मंगलवार रात को हुए आपसी झगड़े में पीट-पीट कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची साहवा पुलिस ने मृतक का शव मोहनी देवी चाचान राजकीय सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार सुबह पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।

शादी से घर आते वक्त हुआ झगड़ा

साहवा थानाधिकारी शंकरलाल भारी ने बताया कि गांव कालवास निवासी पोकरराम पुत्र शेराराम ने लिखित रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि उसका भाई गोपीराम मेघवाल मंगलवार रात 8 बजे के करीब गांव में एक शादी समारोह में भाग लेकर घर आ रहा था। उसी दौरान गांव के ही बनवारीलाल पुत्र किशनाराम जाट ने उसे जाति सूचक गालियां निकाली और अपमानित किया।

विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और इसी दौरान आरोपी बनवारीलाल के भाई भजनलाल ने उसका साथ दिया। थानाधिकारी भारी ने बताया कि मृतक के भाई की रिपोर्ट पर हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

चाचान राजकीय सीएचसी में मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को साथ लेकर मृतक के शव को सीएचसी साहवा की मोर्चरी में रखवा कर उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।

एसपी ने ली मामले की जानकारी

बुधवार को मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया जिसकी जांच तारानगर डीएसपी रोहित सांखला कर रहे हैं। घटना की सूचना पर डीआईजी सह एसपी जय यादव ने जांच अधिकारी सांखला के साथ गांव कालवास में घटना स्थल पर मौका निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जांच अधिकारी सांखला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। बुधवार सुबह मामला दर्ज कर घटना स्थल का मौका निरीक्षण किया गया।

Updated on:
12 Feb 2026 05:33 pm
Published on:
12 Feb 2026 04:40 pm